Uttarakhand Weather देहरादून समेत कई जगह हो रही बारिश, बर्फबारी का भी अलर्ट, जानिए कहां- कहां और कब तक
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। देर रात से देहरादून समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। एक बार फिर बर्फबारी का मौसम बना हुआ है। जिससे स्थानीय लोगों में फिर से नई उम्मीदें जगी हुई हैं। पर्यटकों के लिहाज से भी ये मौसम अच्छा बना हुआ है।
मौसम विभाग की मानें तो 6 जिलों देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश होने का पुर्वानुमान जताया गया है। इन जिलों में जो क्षेत्र समुद्र तल से 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर हैं, वहां बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है।

मसूरी और चकराता में भी बर्फबारी की उम्मीद जग गई है। वीकेंड होने की वजह से एक बार फिर पर्यटक भी मौसम का मजा लेने पहाड़ों की तरफ रुख कर सकते हैं। इसके लिए भी प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। बर्फ पड़ते ही पर्यटक पहाड़ों की तरफ पहुंचने लगते हैं जिससे यातायात प्रभावित होता है।
हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना बताई गई है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में भारी बर्फबारी और बारिश देखने को मिली। पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर जम गई। मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मिजाज बना रह सकता है। यही वजह है कि प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता है। इसके लिए सभी को जरुरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 2 फरवरी तक फिलहाल बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे जिलों में 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए केंद्रीय एजेंसी डिफेंस जिओ-इन्फार्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (DGRE) चंडीगढ़ की ओर से एवलॉन्च अलर्ट जारी किया गया है। जिसको देखते हुए शासन और प्रशासन सतर्क हो गए हैं। साथ ही सभी एहतियात बरतने को कहा गया है। खासकर ट्रैकिंग पर रोक लगाने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications