Uttarakhand weather देहरादून समेत चारों धाम में बदला मौसम, बर्फबारी व बारिश से बढ़ी ठंड, जानिए कब तक राहत
Uttarakhand weather देहरादून समेत उत्तराखंड के कई जिलों में आज सुबह से बारिश का क्रम जारी है। जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। कई जगहों पर एक मई को ही बारिश से मौसम बदल गया। गर्मी के बीच बारिश से लोगों को काफी राहत मिल गई है।
मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही पांच मई तक के लिए चेतावनी जारी की है। जिससे पूर्वानुमान के अनुसार पांच मई तक प्रदेश में मौसम के बदले रहने से गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं मौसम वैज्ञानिकों का कहना कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से बदलाव देखने को मिल रहा है।

पांच मई तक तेज हवाएं और हल्की बारिश होने से गर्मी से राहत मिलेगी। जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम के बिगड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर निकलने वाले यात्रियों के लिए मौसम देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, पांच मई तक प्रदेश भर में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस बीच बारिश के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी देखने को मिली। जिससे फिर ठंड लौट आई। हेमकुंड साहिब के आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हुआ। सेना के जवान बर्फ हटाने के काम में जुटे रहे। चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक आ गई है।
बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी के साथ ही नीती व माणा घाटी की पहाड़ियों में बर्फबारी हुई। केदारनाथ में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फ की फुंआरों के बीच ठंड बढ़ गई है। रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में अपराह्न बाद कहीं गरज के साथ बौंछारें व ओलावृष्टि हुई। गुरुवार को सुबह से ही केदारनाथ में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही।
पूर्वान्ह 11 बजे तक मौसम ठीक रहा, इसके बाद यहां घने बादल छाने लगे और अपराह्न तक रुक-रुककर कई बार हल्की बूंदाबांदी होती रही। अपराह्न बाद यहां ओलावृष्टि भी हुई और इसके बाद बारिश के साथ बर्फ की फुंआरें भी गिरी। खराब मौसम के कारण केदारनाथ में ठंड बढ़ गई है। शाम को केदारनाथ के ऊपरी तरफ चोराबाड़ी और वासुकीताल क्षेत्र में भी अच्छी बर्फबारी भी हुई।
इधर, शाम पांच बजे के बाद रुद्रप्रयाग सहित अन्य निचले इलाकों में ओलावृष्टि के साथ बारिश की बौंछारें भी गिरी। हालांकि कपाट खुलने के हल्के बादलों के बीच मौसम साफ रहा। मौसम खराब होने के कारण हेमकुंड साहिब के आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हुआ। गुरुवार को सेना के जवान सुबह से बर्फ हटाने के काम में जुटे थे, लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब होने के कारण काम रोकना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications