उत्तराखंड में 14 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर, यमुनोत्री हाईवे बंद, फूलों की घाटी और बद्रीनाथ खुला
उत्तराखंड में 14 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा
देहरादून, 11 जुलाई। उत्तराखंड में 14 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि रविवार और सोमवार को बारिश से कुछ राहत मिली है। शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद रविवार और सोमवार को कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल, चंपावत जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

14 जुलाई तक बारिश का दौर
12 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और 13 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी से भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 14 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कही कहीं बौछारों के साथ अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश से पूरे प्रदेश में जनजीवन अस्त व्यस्त है। जबकि सड़कें भी जगह-जगह बंद हैं।
यमुनोत्री हाईवे समेत 191 सड़कें बंद
भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे समेत 191 सड़कें बंद हो गई। जबकि दो दिन से बंद फूलों की घाटी को जोड़ने वाला मार्ग सोमवार सुबह खुल गया है। जिसके बाद घाटी मे आवाजाही शुरु हो गई है। बारिश के चलते रास्ता दो स्थानों से बंद था। रास्ता खुलने के बाद 145 पर्यटक फूलों की घाटी के लिए रवाना हुए। वहीं, रविवार रात से बंद बदरीनाथ हाईवे भी आवाजाही के लिए खुल गया है।
कार के बह जाने से एक की मौत, पेड़ों की चपेट में आने से दो कारें क्षतिग्रस्त
प्रदेश में बारिश के कारण कई हादसे भी लगातार सामने आ रहे हैं। देहरादून में कार के बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। देहरादून के शिमला बाईपास मार्ग पर कार के रपटे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। कार सवार पांवटा साहिब से देहरादून से लौट रहे थे। उधर केदारनाथ हाईवे पर तरसाली गांव के मार्ग पर पहाड़ से गिरे मलबे और पेड़ों की चपेट में आने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घटना के वक्त कारों में कोई सवार नहीं था। पहाड़ पर बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा का जलस्तर रविवार सुबह चेतावनी निशान करीब पहुंच गया। हालांकि, दोपहर बाद गंगा का जलस्तर चेतावनी के निशान से नीचे आ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के 18 राज्य स्तरीय मार्ग, 11 जिला मुख्य मार्ग, सात अन्य जिला मार्ग, 89 ग्रामीण सड़कें और 128 पीएमजीएसवाई की सड़कें बंद हो गईं।












Click it and Unblock the Notifications