Uttarakhand nikay chunav: बैलेट पेपर से कराए जाएंगें चुनाव,तकनीक का भी इस्तेमाल,जानिए इस बार क्या क्या है खास
Uttarakhand nikay chunav: उत्तराखंड में निकाय चुनाव का ऐलान होते ही तैयारियां भी तेज हो गई हैं। निकाय चुनाव कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगें।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने अवगत कराया कि नागर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2024 में मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। चुनाव में 30 हजार सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से 18 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

चुनाव में मतदान और मतगणना के लिए कुल 24 हजार कर्मचारी तैनात होंगे, जबकि चुनाव प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों के लिए 4 हजार कर्मचारी अलग से लगाए जाएंगे। चुनाव में 2500 हल्के और भारी वाहनों को अधिग्रहित किया जाएगा। मतदान केंद्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा को देखते हुए 18 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें राज्य पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बलों और होम गार्ड्स को भी शामिल किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग की और से मिली जानकारी के अनुसार इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया है। आयोग ने एनआईसी की मदद से एक विशेष सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिसके माध्यम से चुनाव ड्यूटी को रैंडम आधार पर आवंटित किया जाएगा। यह सॉफ्टवेयर सुनिश्चित करेगा कि ड्यूटी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से लगाई जाए। अधिकारियों के कार्यक्षेत्र को भी उनके जिलों से बाहर रखा जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कुल 53 सामान्य और 26 व्यय प्रेक्षक तैनात किए जाएंगे। इनमें 41 सामान्य प्रेक्षक और 12 आरक्षित प्रेक्षक शामिल हैं। 20 व्यय प्रेक्षक और छह आरक्षित व्यय प्रेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। यह प्रेक्षक निर्वाचन प्रक्रिया के हर चरण की निगरानी करेंगे और किसी भी अनियमितता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार अपनी मतदाता सूची को पहली बार ऑनलाइन उपलब्ध कराया है। मतदाता www.sec.uk.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना नाम और विवरण देख सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में 2 हजार अधिकारी तैनात किए जाएंगे। बता दें कि राज्य के 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद एवं 46 नगर पंचायतों में मतदान की तिथि 23 जनवरी एवं मतों की गणना की 25 जनवरी 2025 निर्धारित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications