Uttarakhand news:टिहरी में बादल फटने से ग्रामीणों पर टूटा मुसीबतों का पहाड़,एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
उत्तराखंड में बारिश एक बार फिर मुसीबतों का पहाड़ लेकर आई है। टिहरी जिले में दूसरी बार बादल फटने की घटना सामने आई है।
जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। टिहरी में बादल फटने से नौताड़ तोक में रह रहे एक ही परिवार के तीन लोग पति पत्नी और बेटे मौत के मुंह में समा गए हैं।

उत्तराखंड के टिहरी में भिलंगना ब्लॉक के नौताड़ तोक में बादल फटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बारिश और भूस्खलन ने यहां भारी तबाही मचाई है। बताया गया कि नौताड़ तोक में एक होटल बह गया। जिसमें होटल स्वामी भानु प्रसाद(50), उनकी पत्नी नीलम देवी(45) व पुत्र विपिन(28) लापता थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान भानु और उनकी पत्नी नीलम का शव घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर बरामद कर लिया गया है। लापता युवक विपिन घायल अवस्था में मिला है। मलबा मुंह में भर जाने के कारण विपिन को सीने में तकलीफ और सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। रात दो बजे विपिन को पिलखी से एम्स ले जाया गया। लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली और हाल चाल जाना। ग्रामीणों ने पुर्नवास की मांग उठाई है। इस बीच एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम देर रात से ही रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई है।
घनसाली-केदारनाथ मोटरमार्ग पर मुयालगांव के समीप मोटर पुल के ध्वस्त होने के कारण, SDRF टीम द्वारा घनसाली ने ग्रामीणों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया है। SDRF टीम ने लगभग 1,00 से अधिक यात्रियों और ग्रामीणों को रोप की सहायता से सुरक्षित पार कराया।
इसके साथ ही बीमार व्यक्ति को स्ट्रेचर के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि 2014 में भी इसी जगह पर बादल फटने से आपदा आई थी। जिससे एक बार फिर ग्रामीणों में डर पैदा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications