Uttarakhand News: आपदा से हुई क्षति का जायजा लेने केंद्रीय टीम पहुंची, कितना हुआ नुकसान, क्या कहते हैं आंकड़े
Uttarakhand News: उत्तराखंड में मानसून ने जमकर कहर बरपाया। बारिश ने कई जिलों में जमकर तबाही मचाई। जिससे प्रदेश को आर्थिक नुकसान हुआ है। राज्य सरकार ने केंद्र से मुआवजे की मांग की है। इसी क्षति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम उत्तराखंड पहुंची है।
आज राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने टीम को आपदा से हुई क्षति के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया। इसके बाद टीम जिलों के लिए रवाना हुई। टीम छह जिलों में आपदा से नुकसान का जायजा लेगी।

अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर व नैनीताल का भ्रमण करेगी। इस टीम का नेतृत्व आर. प्रसना, संयुक्त सचिव गृह मंत्रालय कर रहे हैं। टीम के साथ अन्य छह सदस्य भी रहेंगे, जिनमें अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह, निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं।
5 अगस्त को उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा ने पूरे धराली गांव को तबाह कर दिया। धराली में कई होटल, रिजॉर्ट और होम स्टे मलबे में तब्दील हो गए। साथ ही 60 से ज्यादा लोग मलबे में दब गए।इसी तरह हरसिल घाटी में भी जल प्रलय ने नुकसान पहुंचाया। उत्तरकाशी से धराली के बीच कई जगह सड़क मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। जिन्हें ठीक करने में प्रशासन जुटा रहा।
उत्तरकाशी के धराली के बाद पौड़ी जिले और चमोली के थराली में भारी नुकसान हुआ। यहां भी जानमाल का भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व नैनीताल में भी प्राकृतिक आपदा से कई जगह तबाह हो गए। जिनसे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी को जीने की चुनौती है। रोजगार और व्यवसाय पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। जिनसे उभरने में काफी समय लग सकता है। ऐसे में अब केंद्र की टीम से ही पीड़ित लोगों को आस जगी है। जो कि आज प्रदेशभर का दौरा कर रही है।
क्या कहते हैं आंकड़े-
- साल 2025 में आई तबाही ने प्रदेश भर में 5700 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
- राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से राहत पैकेज की मांग की
- केंद्र सरकार से 5702.15 करोड़ रुपये की विशेष सहायता प्रदान करने का अनुरोध
- पिछले 5 महीने में आई आपदा में 79 लोगों की मौत,90 लोग अभी भी लापता
- आपदा से 238 पक्के और दो कच्चे मकान टूटे
- क्षतिग्रस्त मकानों में 2835 पक्के और 402 कच्चे मकान
- 3953 छोटे व बड़े पशुओं की मौत
किस विभाग को कितना नुकसान-
- लोक निर्माण विभाग का 1164 करोड़
- सिंचाई विभाग की परिसंपत्तियों का 123.17 करोड़
- स्वास्थ्य विभाग की संपत्तियों का लगभग 4.57 करोड़
- विद्यालय शिक्षा विभाग की परिसंपत्तियों को 68.28 करोड़
- उच्च शिक्षा विभाग की संपत्तियों का 9.04 करोड़
- मत्स्य विभाग को 2.55 करोड़
- ग्राम विकास को 65.50 करोड़
- शहरी विकास को चार करोड़
- पशुपालन विभाग को 23.06 करोड़
- अन्य विभागीय परिसंपत्तियों को 213.46 करोड़
- राज्य के विभागों को कुल लगभग 1944.15 करोड़ रुपये का सीधे तौर पर नुकसान












Click it and Unblock the Notifications