Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

केदारनाथ जा रहे हेलिकॉप्टर की सड़क पर आपात लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ ने बचाई पांच यात्रियों की जान

Helicopter emergency landing: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब केदारनाथ धाम जा रहा एक निजी हेलिकॉप्टर की सड़क पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते भरसू क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतारना पड़ा।

यह घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई जब पायलट की सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। हेलिकॉप्टर में सवार सभी पाँच यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि पायलट को पीठ में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Helicopter-emergency-landing

यह हेलिकॉप्टर केस्ट्रेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड (Kestrel Aviation Pvt. Ltd.) का AW119 मॉडल था, जिसे कैप्टन आरपीएस सोढ़ी उड़ा रहे थे। यह उड़ान सिरसी से केदारनाथ के लिए रवाना हुई थी।

Helicopter Landing: तकनीकी खराबी के बाद आपात लैंडिंग

रुद्रप्रयाग के पर्यटन विकास अधिकारी और हेली सेवा नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। उन्होंने बताया कि 7 जून को दोपहर करीब 1 बजे, भरसू से उड़ान भरते समय केस्ट्रेल एविएशन के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी उत्पन्न हुई। इसके चलते हेलिकॉप्टर को सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।

वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हेलिकॉप्टर के "कलेक्टिव कंट्रोल" में अटकाव की आशंका थी। इस स्थिति में कैप्टन आरपीएस सोढ़ी ने तत्काल निर्णय लेते हुए हेलिकॉप्टर को भरसू हेलीपैड से सटी सड़क पर नियंत्रित रूप से उतारा। इस प्रकार एक संभावित गंभीर दुर्घटना को समय रहते टाल दिया गया।

कोई हताहत नहीं, यात्रियों की यात्रा सुरक्षित जारी

उत्तराखंड के ADG (कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने न्यूज एजेंसी एएनआई को जानकारी दी कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, "यह हेलिकॉप्टर गुप्तकाशी में आपात लैंडिंग करने को मजबूर हुआ था। तकनीकी खराबी के चलते यह निर्णय लिया गया। सभी लोग सुरक्षित हैं और कोई हताहत नहीं हुआ।"

इस घटना की जानकारी यूकाडा (UCADA) के CEO द्वारा भी साझा की गई। उन्होंने बताया कि केस्ट्रेल एविएशन का हेलिकॉप्टर सिरसी से यात्रियों को लेकर उड़ान भरने के बाद तकनीकी समस्या के कारण हेलीपैड की बजाय सड़क पर सतर्कता पूर्वक उतारा गया। किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है। DGCA को सूचना दे दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाकी सभी हेली-शटल सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामान्य रूप से जारी हैं।

हालांकि यात्री सुरक्षित हैं, परंतु हेलिकॉप्टर के पायलट कैप्टन सोढ़ी को पीठ में चोट लगने की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रही है।

घटना के बाद यातायात पर असर

आपात लैंडिंग के चलते भरसू क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर कुछ समय के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया था। हेलिकॉप्टर सड़क पर खड़ा होने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। हालांकि, रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य को अंजाम दिया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक ट्वीट किया कि "भरसू के पास अवरुद्ध हुआ मार्ग अब यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है।

DGCA की निगरानी में जांच शुरू, सुरक्षा मानकों पर फोकस

DGCA ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी टीम हेलिकॉप्टर की प्रणाली और नियंत्रण यंत्रों की समीक्षा कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके। विशेष रूप से कलेक्टिव कंट्रोल की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की जा रही है, जो हेलिकॉप्टर के टेकऑफ और लैंडिंग के समय ऊँचाई नियंत्रण के लिए आवश्यक होता है। केदारनाथ धाम जैसे उच्च जोखिम वाले हवाई मार्गों में हेलिकॉप्टर सेवाएं तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत हैं, लेकिन तकनीकी चुनौतियाँ बनी रहती हैं।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+