Uttarakhand Elections 2022: दीपावली के बाद फूटेंगे सियासी बम, हरक अब नहीं मानने वाले
हरक सिंह रावत के जाने को लेकर कयास जारी
देहरादून, 29 अक्टूबर। उत्तराखंड में मौसम भले ही सर्द हो गया है, लेकिन सियासी पारा तेजी से बढ़ने लगा है। आए दिन राजनीतिक दलों के अंदर सियासी उठापटक देखने को मिल रही है। जो कि आने वाले दिनों में तेजी से बदल रही है। उत्तराखंड में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर अभी से सियासत गर्मा गई है। इस बार चुनाव में भाजपा, कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में है। क्या कुछ चर्चाएं खास चल रही है, आजकल चुनाव को लेकर आइए जानते हैं।

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह का भाजपा से मोहभंग की असली वजह
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह के कांग्रेस ज्वाइन करने की खबरें आए दिन मीडिया में उठ रही है। लेकिन हरक सिंह किस वजह से भाजपा से नाराज हैं। इसको लेकर कम ही चर्चे हैं। हरक सिंह की भाजपा सरकार से नाराजगी का मुख्य कारण लालढांग-चिल्लरखाल, कंडी मार्ग और कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज को धरातल पर ना उतार पाना है। सूत्रों का दावा है कि मेडिकल कॉलेज के मामले में तो हरक सिंह की सचिव स्तर पर भी कई बार बहस हो चुकी है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या भाजपा जानबूझकर हरक सिंह की फाइलों को रोक रही है या फिर हरक के जाने को लेकर भाजपा भी आश्वस्त हो गई है।

पूर्व सीएम हरीश रावत के बदले सुर, गणेश गोदियाल हुए कामयाब
कांग्रेस के चुनाव अभियान के प्रमुख पूर्व सीएम हरीश रावत के सुर बीते दिनों में बदले-बदले नजर आ रहे हैं। हरीश रावत ने अब बागियों के कांग्रेस में एंट्री को लेकर भी सहमति दे दी है। इसकी मुख्य वजह प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हैं। सूत्रों की मानें तो गणेश गोदियाल हरक सिंह को कांग्रेस में लाने के लिए कोशिश में जुटे हैं। इसके लिए वे पूर्व सीएम हरीश रावत को मनाने में कामयाब हुए हैं। हरीश रावत और हरक सिंह की फोन पर बातचीत कराने की शुरूआत कराकर गणेश गोदियाल ने हरीश रावत का मन ही बदल दिया है। जो हरीश रावत पहले बागियों को महापापी और कांग्रेस में न आने की बात कह चुके थे, वे अब दो पुराने कांग्रेसियों को बिना शर्त लेने की बात स्वीकारने लगे हैं।

दीपावली के बाद भाजपा कांग्रेस में फूटेंगे बम
भाजपा ने जिस दलबदल की शुरूआत की, उसका असर उत्तराखंड की राजनीति में चुनाव तक अब जारी रहेगा। दलबदल अब सियासी दलों की नाक का सवाल हो गया है। कांग्रेस ने यशपाल आर्य और उनके बेटे को कांग्रेस ज्वाइन कराई तो अब भाजपा की और से पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने 15 दिन में कांग्रेस के अंदर बहुत कुछ बदलाव के संकेत दिए है। इधर कांग्रेस के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल भाजपा के 6 विधायकों के कांग्रेस में आने का दावा कर रहे हैं। राजनीतिक सूत्र दावा कर रहे हैं सियासी दलों की दिवाली, लक्ष्मी पूजन के बाद होगी। जिन नामों के दलबदल की खबरें लंबे समय से चल रही हैं, उनमें हरक सिंह रावत, उमेश शर्मा का नाम सबसे प्रमुख है। इसके अलावा कांग्रेस के 3 से 4 पूर्व विधायक के अलावा कई बड़े चेहरों के पाल बदलने की खबरें लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। जो कि किसी समय विजय बहुगुणा के करीबी माने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications