उत्तराखंड कांग्रेस में चुनावों की हार के बाद खुलकर कलह,प्रदेश अध्यक्ष ने जारी की चेतावनी,बदलाव की भी चर्चा तेज
उत्तराखंड कांग्रेस में एक बार फिर निकाय चुनावों की हार के बाद खुलकर कलह सामने आ रही है। इस बार पार्टी में जमकर बयानबाजी हो रही है। जिससे नाराज होकर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी क्लास लगाई है। उधर प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव और संगठन में फेरबदल की चर्चा भी तेज है।
सोशल मीडिया में चल रही बयानबाजी का संज्ञान लेते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पत्र जारी करते हुए अपनी बात उचित फोरम में रखने की नसीहत दी है। उन्होंने सभी नेताओं से अपेक्षा की है कि वो अपनी बात पार्टी प्लेटफार्म में ही रखें।

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से एक दूसरे पर अनर्गल आरोप व आक्षेप लगा रहे हैं। ऐसे में करन माहरा को पत्र जारी करना पड़ा कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ साथी अपनी बात और सुझाव पार्टी के उचित फोरम में रखने की जगह इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक बयानबाजी एवं टिप्पणियां कर रहे हैं।
इससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन के साथ ही भविष्य की संभावनाओं पर विपरीत असर पड़ रहा है। जो पार्टी हित में ठीक नहीं है। उन्होंने आग्रह किया है कि अपनी बात और सुझाव पार्टी प्लेटफार्म में ही रखें। उन्होंने चेताया कि इसके बावजूद अगर कोई कांग्रेसी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की मंशा से सार्वजनिक बयानबाजी करता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उधर प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव और संगठन में फेरबदल की चर्चा भी तेज है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व एक बार फिर से प्रदेश संगठन में बदलाव कर सकता है। इसके लिए कई पुराने चेहरों के नाम चर्चा में है। जिनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,प्रीतम सिंह समेत कई पुराने और बड़े नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी के भी बदलने की चर्चा तेज है।









Click it and Unblock the Notifications