Saurabh Bahuguna:उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री की हल्द्वानी जेल में रची गई हत्या की साजिश, की गई थी रैकी
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने का मामला
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या करने की साजिश रचने का मामला सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात ये सामने आई है कि आरोपियों ने कैबिनेट मंत्री की रैकी भी की थी। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को वाई श्रेणी की सुविधा मिली है।

यूपी के शूटरों से घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री की हत्या की साजिश हल्द्वानी जेल में रची जा रही थी। जहां मुख्य आरोपी साजिशकर्ता हीरा सिंह बंद था। जिसकी जेल में ही पहचान सतनाम सिंह से हुई। उसी ने जेल से बाहर अपने दो साथियों के बारे में हीरा सिंह को बताया। हीरा सिंह के कहने पर यूपी के शूटरों से घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी। विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर दुबे की तहरीर के अनुसार सतनाम सिंह ने जेल में हीरा सिंह को बताया था कि उसका दोस्त मो अजीज उर्फ गुड्डू निवासी किच्छा का बड़ा अपराधी है। उसके सम्बन्ध उत्तर प्रदेश के शूटरों के साथ हैं। उमाशंकर दुबे के अनुसार कैबिनेट मंत्री सितारगंज आये तो क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुछ स्थानों पर उसे देखा गया था।
दबिश देकर चार मुख्य नामजद आरोपियों की धरपकड़ शुरू
सतनाम सिंह ने पैरोल पर आने के बाद हीरा सिंह से सम्पर्क साधा। तहरीर में कहा गया है कि हीरा सिंह ने सतनाम सिंह व उसके दोस्त हरभजन सिंह, मो अजीज उर्फ गुड्डू निवासी किच्छा से सम्पर्क साधा और षडयंत्र रचा। बताया जा रहा है कि किच्छा के एक तांत्रिक ने कुछ माह पहले मुख्य आरोपी से रकम ली थी। उसी ने मंत्री को वश में करने व वश में नहीं होने पर रास्ते से हटा देने की जिम्मेदारी ली थी। गुड्डू इसके लिए और रकम की डिमांड कर रहा था। उमाशंकर दुबे ने आशंका जताई है कि हीरा सिंह व उसके साथी कैबिनेट मंत्री की हत्या का षडयंत्र कर राज्य में भय व आंतक का माहौल पैदा कर रहे हैं। मामला सामने आते ही पुलिस अलर्ट मोड पर है। शनिवार रात से ही पुलिस की कई टीमों ने सितारगंज, किच्छा व आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर चार मुख्य नामजद आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications