उत्तराखंड :अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के मानकों को लेकर कैबिनेट मंत्री ने ही उठाए सवाल, पत्र लिखकर कही ये बात
सतपाल महाराज ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए
देहरादून, 23 अगस्त। उत्तराखंड में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के मानकों को लेकर भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट को पत्र लिखकर सवाल उठाए हैं। महाराज ने दौड़ का समय, लंबाई और अन्य मुद्दों पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में आने वाले समय में इसको लेकर उत्तराखंड में सियासत होना तय है।

पूर्व में निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने का अनुरोध
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कोटद्वार में चल रहे अग्निवीर भर्ती में प्रदेश के युवाओं को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को पूर्व में निर्धारित मानकों की भांति संचालित करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट को पत्र लिखा है। कोटद्वार में चल रहे अग्निवीर भर्ती में प्रदेश के युवाओं को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों और निर्धारित मानकों की अनदेखी को देखते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया को पूर्व में निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने का अनुरोध किया है। कैबिनेट मंत्री महाराज ने रक्षा मंत्री और रक्षा राज्य मंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि भारत सरकार की अग्निवीर भर्ती योजनाष् के तहत कोटद्वार में 19 अगस्त से 31 अगस्त 2022 तक बीआरओ लैन्सडाउन के द्वारा अग्निवीरों की भर्ती की जा रही है। इस दौरान उन्हें युवाओं द्वारा भेजी गई कुछ वीडियो क्लिपिंग से पता चला है कि भर्ती के दौरान राज्य के 300 युवाओं को एक साथ दौडा़या जा रहा है और उसमें से भी मात्र 8 या 10 युवाओं को ही चुना जा रहा है। जबकि शारीरिक में पूर्व में औसतन 300 में से 60 का चयन किया जाता था।
युवाओं का कहना है कि भर्ती के दौरान मानकों की अनदेखी की जा रही
उन्होने पत्र के माध्यम से रक्षा मंत्री और रक्षा राज्य मंत्री को बताया कि भर्ती होने वाले युवाओं का कहना है कि भर्ती के दौरान मानकों की अनदेखी की जा रही है। मुझे बताया गया कि दौड़ का समय 1600 मीटर के लिये 5.40 सेकन्ड है लेकिन वह सिर्फ 5 मिनट में ही दौड़ को समाप्त कर दे रहे हैं। उतराखण्ड के जवानों के लिए 163 सेन्टीमीटर लम्बाई है जो कि स्वर्गीय पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल विपिन रावत ने उतराखण्ड के लिए करवाई थी। लेकिन भर्ती होने आये युवाओं की हाइट अब 170 सेन्टीमीटर ले रहें हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट से कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में हो रही विसंगतियों से उत्तराखंड के युवा निराश हो रहे हैं तथा उन्हें भारत सरकार की अग्निवीर भर्ती योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए इन तमाम तथ्यों के दृष्टिगत भर्ती प्रक्रिया को पूर्व में निर्धारित मानकों की भाँति ही संचालित किया जाए।
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता ने भर्तियों में घोटाले पर सवाल उठाए
उधर कैबिनेट मंत्री के अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बाद अब कांग्रेस को भी मौका मिल गया है। उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि उत्तराखंड में जिस तरह से अग्नि वीर परीक्षा में घोटाले किये जा रहे हैं,उससे पूरे राज्य के सैनिक परिवारों में और भर्तियों में शामिल वाले होने वाले नौजवानों में असंतोष की चिंगारी दहक गई है। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करण मेहरा ने सबसे पहले इन भर्तियों में घोटाले पर सवाल उठाए थे और अब राज्य सरकार के मंत्री सतपाल महाराज भी इस साल को उठा रहे हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने फौज की भर्ती में उत्तराखंड का कोटा कम किए किए जाने की भी कड़ी निन्दा की है।












Click it and Unblock the Notifications