सरकार बनते ही उत्तराखंड में लागू करेंगे समान नागरिक संहिता, सीएम धामी ने किया ऐलान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव के बाद राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने का ऐलान किया है।
देहरादून, 12 फरवरी: विधानसभा चुनाव की गहमागहमी और कर्नाटक में हिजाब को लेकर मचे हंगामे के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा बयान दिया है। सीएम धामी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के बाद जल्द से जल्द समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। गौरतलब है कि उत्तराखंड में एक ही चरण के तहत 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, जिसके लिए आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। ऐसे में समान नागरिक संहिता लागू करने के सीएम पुष्कर सिंह धामी के इस ऐलान को सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दिए अपने बयान में कहा, 'उत्तराखंड सरकार अपने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, न्यायविदों, सेवानिवृत्त लोगों, समाज के प्रबुद्ध जनों और अन्य गणमान्य लोगों की एक कमेटी गठित करेगी, जो उत्तराखंड राज्य के लिए समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करेगी। इस समान नागरिक संहिता का दायरा विवाह, तलाक, जमीन-जायदाद और उत्तराधिकार जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानून, चाहे वो किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों, होगा। ये समान नागरिक संहिता संविधान निर्माताओं के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम होगा।'
सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे- सीएम धामी
सीएम धामी ने आगे कहा, 'समान नागरिक संहिता बनने से संविधान की भावनाओं को साकार रूप मिलेगा। ये भारतीय संविधान के आर्टिकल 44 की दिशा में भी एक प्रभावी कदम होगा। इससे सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने भी समय-समय पर ना केवल इसे लागू करने पर जोर दिया है बल्कि कई बार इस दिशा में कदम ना उठाने को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।' आपको बता दें कि कर्नाटक के स्कूलों में हिजाब को लेकर उठे विवाद ने अब सियासी रूप ले लिया है। हिजाब विवाद के बीच एक बार फिर से समान नागरिक संहिता को लेकर बहस तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications