UNIFORM CIVIL CODE: यूसीसी को लेकर सबसे बड़ा अपडेट, लागू करने की तैयारी,जानिए अब क्या हो रहा
UNIFORM CIVIL CODE: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने से पहले धामी सरकार हर तरह की बाधाओं को दूर करने की कोशिश में जुटी है। सरकार की कोशिश है कि इसके क्रियान्वयन में किसी तरह की परेशानी न हो। ऐसे में सबसे पहले सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी है। इसमें जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक और गांवों में सर्विस सेंटर के कर्मियों को यूसीसी के न सिर्फ कानूनी प्रावधान बताए जाएंगे, बल्कि यूसीसी का एप और वेबसाइट से लोगों को शादी, तलाक, लिव-इन आदि पंजीकरण कराने, वसीयत व अन्य लाभ दिलाने का तरीका सिखाया जाएगा।

सीएम धामी ने भी मीडिया को दिए बयान में कहा कि यूसीसी को इसी माह में लागू किया जाएगा। उससे पहले कर्मचारियों को यूसीसी को लेकर प्रशिक्षण और एप की ट्रेनिंग दी जाएगी। माना जा रहा है कि 26 जनवरी तक सरकार इसके लागू कर देगी। इससे पहले अगले सप्ताह से सरकार की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें डीएम कार्यालय से लेकर एसडीएम, ग्राम विकास, नगर निगम, टैक्स विभाग आदि स्तरों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, यह एक सतत प्रक्रिया रहेगी।
यूसीसी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सरकार ने पूर्व आईएएस शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में चार सदस्यीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया है। यह समिति ब्यूरोक्रेट्स के प्रशिक्षण, मास्टर ट्रेनर्स तैयार करने में सहयोग, वेबसाइट आदि में मार्गदर्शन व परामर्श दे रही है। समिति में दून विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सामाजिक कार्यकर्ता मनु गौड़, एडीजीपी अमित सिन्हा और स्थानीय आयुक्त अजय मिश्रा शामिल हैं। फिलहाल यूसीसी की अंतिम रिपोर्ट गृह विभाग के पास है। विधि विभाग ने उसमें कुछ संशोधन के सुझाव दिए हैं, जिस पर यूसीसी कार्यान्वयन समिति की सलाह से काम किया जा रहा है। जिस पर जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications