हरियाणा के सोनीपत से बुक कर कैब को यात्री बनकर आए दो बदमाशों ने देहरादून में लूटा, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
हरियाणा के सोनीपत से बुक कर लाई कैब को दो बदमाशों ने देहरादून में लूट लिया। दोनों यात्री बनकर आए थे। बदमाशों ने पैसे देने के लिए कैब से उतारा और पिस्तौल दिखाकर कैब लूटकर भाग गए। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून के बालावाला से दोनाली- रायपुर मार्ग पर दो बदमाशों ने कैब को लूटा। जो कि हरियाणा से कैब को बुक कर लाए थे। गाजियाबाद के चालक इमरान अहमद ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। पुलिस ने जानकारी ली तो पता चला कि वह दो युवकों को सोनीपत के मुर्थल से देहरादून ला रहा था।

दोनों ने चालक को पैसे देने के लिए कैब से उतारा और पिस्तौल दिखाकर कैब लूटकर भाग गए। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार चालक के पास भी उसकी कोई खास जानकारी नहीं है। अब तक जो कहानी सामने आई है, उसके हिसाब से दो युवकों ने हरियाणा के सोनीपत के मुर्थल से कैब देहरादून के लिए बुक की। उन्हें देहरादून में चक्की नंबर चार के पास छोड़ना था। चक्की नंबर चार के पास आकर युवकों ने कार रुकवाई और चालक को पैसे लेने के लिए कहा।
चालक कार रोककर नीचे उतर गया। इस बीच चालक की कनपटी से पिस्तौल सटाकर उसे वहां से भाग जाने को कहा। इसके बाद दोनों युवक कार लेकर भाग निकले। पुलिस अब पूरे रूट की चेकिंग अभियान में जुट गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
चालक और कंपनी से बुक कराने वालों की किसी तरह की डिटेल नहीं मिल पाई है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ही जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बताया गया कि जो कैब लूटी गई उसमें जीपीएस भी नहीं लगा है। ऐसे में पुलिस के लिए मामला मुश्किल हो गया है। साथ ही कैब दूसरी कंपनियों में भी रजिस्टर्ड बताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications