पति के CM बनने पर बोलीं तीरथ सिंह रावत की पत्नी- फैसला लेने वालों ने भी कई बार सोचा होगा
देहरादून: उत्तराखंड के सियासी गलियारों में पिछले तीन दिनों से भूचाल आया हुआ था, जहां मंगलवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्यपाल से मुलाकात करके अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद बुधवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई। इस दौरान रमेश पोखरियाल निशंक, सतपाल महाराज जैसे कई नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में थे, लेकिन अंत में हाईकमान ने तीरथ सिंह रावत के नाम पर मुहर लगाई। इसके बाद शाम को उन्होंने शपथ ली। तीरथ सिंह की ताजपोशी के बाद उनकी पत्नी काफी ज्यादा खुश हैं।

तीरथ सिंह रावत की पत्नी डॉक्टर रश्मि त्यागी रावत ने कहा कि मैं पार्टी हाईकमान को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मेरे पति पर विश्वास जताया। चुनाव में अब एक साल का वक्त रह गया है ऐसे में कुछ तो खूबियां उन्होंने तीरथ सिंह रावत में देखी होंगी, जिस वजह से इतना बड़ा फैसला लिया। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने वालों ने जो निर्णय लिया है, उसके लिए उन्होंने कई बार सोचा और मूल्यांकन किया होगा। मुझे लगता है कि तीरथ पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे क्योंकि वो लोगों के काफी प्रिय हैं। साथ ही भेदभाव और जातिवाद से भी दूर रहते हैं।
रश्मि के मुताबिक वो दोनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में साथ काम किया करते थे। साथ ही आगे बढ़े, अब तीरथ राजनीति में हैं, जबकि वो एक कॉलेज में पढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि जब 2017 के चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काटा, तो तीरथ सिंह पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ा क्योंकि वो गंभीर इंसान हैं, लेकिन मुझे और मेरी बेटी को काफी दुख हुआ था। इसके बावजूद उन्हें उम्मीद थी कि वो एक दिन इस पद तक पहुंचेंगे। रश्मि के मुताबिक तीरथ शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं। पिछले दो दिनों से भले ही उनका नाम मीडिया में नहीं था, लेकिन उन्हें लग रहा था कि इस बार उनके पति को पार्टी चांस देगी।












Click it and Unblock the Notifications