उत्तराखंड में कर्मचारियों को साधने की ये है सीएम पुष्कर सिंह धामी की रणनीति, काफी हद तक हुए कामयाब
उत्तराखंड में सीएम ने खुद संभाला मोर्चा
देहरादून, 30 सितंबर। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी राज्य कर्मचारियों को साधने की कोशिश में जुट गए हैं। उत्तराखंड में कई कर्मचारी संगठन अपनी अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैा जिनको प्रदेश की धामी सरकार बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की कोशिश कर रही हैा धामी की इस पहल का राज्य कर्मचारियों पर असर पड़ने लगा है। जिसके बाद राज्य कर्मचारियों ने अपने आंदोलन टाल दिए हैं। चुनावी साल में राज्य कर्मचारियों को साधने से भाजपा सरकार को राहत मिलती हुई नजर आ रही है।

चुनावी साल में आंदोलनरत हैं कर्मचारी
उत्तराखंड में चुनावी साल में राज्य कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन छेड़ा हुआ है। सभी संगठन अपने-अपने तरीके से विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों को मनाने के लिए खुद मोर्चा संभाला हुआ है। इसके लिए धामी खुद कर्मचारियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। सचिव स्तर से वार्ता के बाद धामी की कर्मचारियों से बातचीत करने की पहल राज्य कर्मचारियों को भी अब भाने लगी है। जिससे कई कर्मचारियों के संगठन अपने आंदोलनों को टाल रहे हैं। और सीएम से भी उम्मीदें जता रहे हैं।

सीएम ने दिया समय, आंदोलन स्थगित
उत्तराखंड अधिकारी कार्मिक शिक्षक महासंघ को कर्मचारियों की 22 सूत्री मांगों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री ने 4 अक्टूबर का समय दे दिया है। महासंघ ने 1 अक्टूबर को होने वाली टू व्हीलर रैली को स्थगित कर दिया है। उत्तराखंड अधिकारी कार्मिक शिक्षक महासंघ की ओर से विभिन्न विभागों निगमों निकायों में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों शासकीय अशासकीय शिक्षकों व कार्मिक सेवा संघ की 22 सूत्री मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को 4 अक्टूबर शाम 4 बजे बैठक का समय दिया है यह बैठक खुद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी। राज्य कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली गोल्डन कार्ड की खामियों को दुरुस्त करने एसीपी व्यवस्था को लागू करने आदि कई मांगों को लेकर कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। इन पर भी सीएम के सकारात्मक रुख के चलते 1 अक्टूबर को होने वाली सांकेतिक धरना भी स्थगित किया गया है।

कार्यबहिष्कार टाला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता में सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद उत्तराखंड सचिवालय संघ ने भी फिलहाल 3 दिन के लिए अपना 2 घंटे का कार्य बहिष्कार टाल दिया है इसे टालने का निर्णय बुधवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की थी, इससे पहले अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। लिहाजा रोजाना 2 घंटे का कार्य बहिष्कार कर रहे सचिवालय संघ ने बुधवार को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई बैठक में तय किया गया कि सीएम के आश्वासन के तहत फिलहाल आगामी 3 दिन तक 2 घंटे का कार्यबहिष्कार स्थगित रहेगा। लेकिन वार्ता के तहत कार्यवृत्त जारी करने में हीला हवाली या मनमानी हुई तो 4 अक्टूबर से दोबारा 2 घंटे का कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। उत्तराखंड सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी का कहना है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी कर्मचारियों की समस्याओं को सुन रहे हैं। साथ ही उनका समाधान भी खुद तलाश रहे हैं। इससे सीएम के प्रति कर्मचारियों का विश्वास बढ़ा है। दीपक जोशी ने कहा कि वे लगातार कर्मचारियों की समस्याओं के लिए प्रयासरत हैं।












Click it and Unblock the Notifications