होली से पहले एसटीएफ व देहरादून पुलिस का एक्शन, कुख्यात सुनील राठी गैंग के 02 बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली
Dehradun crime news उत्तराखण्ड एसटीएफ व देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम को होली से पहले बडी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुख्यात सुनील राठी गैंग के 02 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक पूर्व में मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग का शूटर रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों से 02 अवैध पिस्टल व 07 जिन्दा कारतूस बरामद हुए है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अभियुक्त देहरादून में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पता लगाने की कोशिश में जुटी है, कि बदमाश किस मकसद से देहरादून आए थे।

प्रदेशभर में इन दिनों बाहरी और संदिग्धों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत देहरादून पुलिस तथा एसटीएफ की टीमो द्वारा राज्य में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों, बांग्लादेशी तथा संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों को चिन्हित करने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ/एसओजी द्वारा सक्रिय गैंग एवं जेलो में निरूद्ध कुख्यात अपराधियों की निगरानी कर उन पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही थी।
इसी दौरान इनपुट के आधार पर एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चैकिंग के दौरान राजपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कार्पियों वाहन से सुनील राठी गिरोह के 02 सदस्यों 1- भानू चौधरी पुत्र आलोक कुमार तथा 2- पारस पुत्र जगपाल सिंह को 02 अवैध पिस्टल व 07 जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्त पारस पूर्व में मुख्तार असांरी व संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रहा है और उनकी मृत्यु के बाद सुनील राठी गैंग में सम्मलित हो गया था।
दोनो अभियुक्त सुनील राठी के इशारे पर हरिद्वार व देहरादून की बेशकीमती विवादित भूमियों में हस्तक्षेप कर सुनील राठी के लिए धन उगाई कर रहे थे। अभियुक्त से बरामद मोबाईल फोन की जांच में भी अभियुक्त पारस का जेल में निरूद्ध सुनील राठी से लगातार सम्पर्क में होने की जानकारी प्राप्त हुई है, साथ ही अभियुक्त पारस का गिरफ्तार अन्य अभियुक्त भानू के साथ अक्सर जेल में सुनील राठी से मिलने जाना भी प्रकाश में आया है।
अभियुक्तों द्वारा देहरादून व हरिद्वार के कुछ व्यापारियों को लगातार सुनील राठी के नाम का डर दिखाकर परेशान किया जा रहा था। अभियुक्तों से पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रोपर्टी डीलर, जो पूर्व में हत्या के मामले में जेल गया है, का नाम भी प्रकाश में आया है तथा उसके भी निरन्तर सुनील राठी के सम्पर्क में होने की जानकारी मिली है। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद गहन जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications