पिथौरागढ़ से सामने आया हैरान करने वाला मामला,2 साल पहले मृत घोषित हुआ ईनामी आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 15 वर्षों से फरार चल रहे और वर्ष 2022 में मृत घोषित हो चुके दो हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वर्ष 2009 में आरोपी पर दो हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ दो लाख 75 हजार रुपये के गबन के मामले में मुकदमा दर्ज है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2008 को गांधी चौक निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी थी कि दिनेश चंद्र पुनेठा निवासी पुनेड़ी महर कोतवाली पिथौरागढ़ ने उनके साथ दो लाख 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सका।
इसके बाद 24 मार्च 2009 को पिथौरागढ़ पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 21 अप्रैल 2009 को आरोपी को फरार घोषित किया गया था। इसके बाद भी पुलिस दबिश देती रही लेकिन वह फरार चलता रहा। इस बीच 10 मार्च 2022 को न्यायालय के आदेश के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया था। उसका मृत्यु प्रमाणपत्र भी बन चुका था।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दिनेश को नगर से सटे चिमस्यानौला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि पुनेड़ी महर निवासी दिनेश चंद्र पुनेठा भारत में लंबे समय तक नहीं दिखने के कारण मृत घोषित हो गया था। भारत में मृत घोषित होने के बाद वह नेपाल में रह रहा था और वहां शादी भी कर ली थी।
नेपाल में उसका नौ साल का एक बच्चा भी है। पिथौरागढ़ पुलिस ने उसे नेपाल भागने से पूर्व सक्रियता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से लापता होने के कारण परिजनों ने उसे मृत मान लिया और उसकी पत्नी ने विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया। वह सात साल से अधिक समय तक भारत में नहीं दिखा था इसलिए न्यायालय से 10 मार्च 2022 को उसे मृत घोषित कर दिया गया था। आरोपी के भारत में दो बड़े बच्चे हैं और उसने नेपाल भागने के बाद वहां भी शादी कर ली थी और वर्तमान में उसका नेपाल में नौ साल का बेटा है।












Click it and Unblock the Notifications