हिमाचल की तरह उत्तराखंड से भी आया डरावना वीडियो सामने, दो मंजिला भवन जमींदोज, दूसरे मकान भी खतरे की जद में
उत्तराखंड में बारिश का कहर अब भी जारी है। पहाड़ों में हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आ रही है।नैनीताल में बारिश का कहर देखने को मिला है। नैनीताल के चार्टन लॉज अवागढ़ कंपाउंड में भूस्खलन से दो मंजिला भवन जमींदोज हो गया। भवन की चपेट में आने से दो अन्य भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन के बाद 12 से ज्यादा मकान खतरे की जद में आ गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है और आसपास के घरों को खाली करा दिया।

नैनीताल के चार्टन लॉज अवागढ़ कंपाउंड में पहाड़ी में हुए भूस्खलन से दो मंजिला भवन जमींदोज हो गया। करीब चार भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होकर मलवे में तब्दील हो गए हैं जबकि आधा दर्जन भवनों पर अब बड़ा खतरा मंडरा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के तीन बजे मल्लीताल अवागढ़ कंपाउंड क्षेत्र में हल्का भूस्खलन हो रहा था। इसी दौरान सालों पुरानी बनी सुरक्षा दीवार अचानक गिर गई।
दीवार के गिरते ही भूस्खलन तेज होने लगा। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को सूचना दी। कुछ देर बाद क्षेत्र में स्थित रास्ते व घरों में दरारें उभरने लगी तो लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में बने मकानों को खाली कराना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही और लोगों ने इसका वीडियो भी बनाकर वायरल कर दिया। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश का क्रम जारी है। रविवार को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य सभी जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications