झाड़ियों में छिपे गुलदार ने महिला पर मारा झपटा, बहादुरी दिखाते हुए गुलदार से भिड़ी महिला, ऐसे बचाई जान
उत्तराखंड में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच कोटद्वार के दुगड्डा ब्लॉक के आमसौड़ गांव में एक महिला पर गुलदार ने झपटा मारा, लेकिन महिला ने बहादुरी दिखाते हुए गुलदार पर दराती से प्रहार करते हुए शोर मचा दिया। जिससे डरकर गुलदार भाग खड़ा हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आमसौड़ निवासी 45 वर्षीय अनिता देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ बकरियां चराने के लिए खेतों में गई थीं। सुबह वह बकरियों को लेकर वापस घर आ रही थीं, तभी रास्ते में झाड़ी में छिपा एक गुलदार उन पर झपट पड़ा।
गुलदार के अचानक हमले से वह जमीन पर गिर गईं। जैसे ही गुलदार ने उन पर फिर से हमला किया, अनीता ने हिम्मत दिखाते हुए पहले दराती से प्रहार किया फिर जोर जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच अन्य महिलाओं ने शोर मचा दिया, जिससे घबराकर गुलदार भाग गया। गुलदार के हमले से महिला शरीर में जख्म बन गए हैं। महिला को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को छुट्टी दे दी। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार विगत कई दिनों से गांव के आसपास मंडरा रहा है। उन्होंने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
उधर रुद्रप्रयाग में अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी के नौखू गांव के एक युवक का शव गांव से लगभग एक किमी दूर झाड़ियां से मिला है। शव का सिर और एक पैर गायब था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक को गुलदार ने अपना निवाला बनाया है। हालांकि कुछ ग्रामीण हत्या की भी आशंका जता रहे हैं, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
युवक बीते सोमवार से लापता चल रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार नौखू गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल सिंह गांव में अकेला रहता था और सोमवार को गहड़खाल बाजार में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब आठ बजे वह घर के लिए निकल गया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मंगलवार को भी जब वह अपने घर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। युवक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद युवक की खोजबीन हुई।












Click it and Unblock the Notifications