रिश्वत के नोटों को चबाकर निगल लिए पटवारी, घूसखोरी के आरोप में विजिलेंस ने की ये कार्रवाई, जानिए अब क्या होगा
देहरादून में भ्रष्ट्राचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विजिलेंस ने एक पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया तो पटवारी ने रिश्वत के नोटों को चबाकर निगल लिए। विजिलेंस ने आरोपित का मेडिकल चेकअप कराने के बाद अल्ट्रासाउंड आदि जांचें भी करवाई है। इस बीच आरोपित को 14 दिन की रिमांड पर जेल भेजा गया।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार देहरादून के कालसी तहसील मं तैनात पटवारी गुलशन हैदर को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और पटवारी को 500-500 रुपये के चार नोटों के साथ रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

विजिलेंस टीम के हरकत में आने के बाद जैसे ही गुलशन को अहसास हुआ कि वह फंस गया है उसने तुरंत ही सभी नोट मुंह में डालकर चबाना शुरू कर दिया और उन्हें निगल लिया। इस बीच विजिलेंस टीम ने इस पूरे घटना की रिकॉर्डिंग कराई और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए। इसके बाद विजिलेंस ने आरोपित पटवारी को पास के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका अल्ट्रासाउंड किया गया।
विजिलेंस निदेशक डॉ. वी मुरुगेशन ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके चचेरे भाइयों ने मूल निवास और जाति प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन आवेदन खारिज कर दिए गए। इसके बाद उन्होंने कालसी क्षेत्र में तैनात पटवारी गुलशन हैदर से संपर्क किया।
पटवारी ने दस्तावेज बनाने के बदले दो हजार रुपये की मांग की और तहसील कार्यालय में बुलाया। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी जिस पर टीम ने पहले से तैयारी कर रखी थी। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली, टीम ने उसे पकड़ लिया, लेकिन उससे पहले वह पैसे निगल चुका था। फिलहाल पटवारी को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा गया है। विजिलेंस टीम का कहना है कि आरोपित के खिलाफ सारे दस्तावेज पुख्ता किए जा रहे हैं। साथ ही आरोपित अभी जेल में ही बंद है।












Click it and Unblock the Notifications