केदारनाथ की हेली सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, जानिए कहां और कैसे करें टिकट बुक, कितना है किराया
Kedarnath Heli Service 2025: केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की बुकिंग आज से शुरू हो गई है। जिसमें दो से 31 मई तक के लिए बुकिंग होगी। आगे की यात्रा के लिए दोबारा से बुकिंग की तिथि घोषित की जाएगी।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट खुल गई है। गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलिपैड से केदारनाथ के लिए हेली सेवा का संचालन किया जाएगा। आईआरसीटीसी की वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in पर हेली टिकटों की बुकिंग की जाएगी।

केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। अब हेलीकॉप्टर सेवा के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। दो मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। इसी दिन से केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा से हेली सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा।
हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी ने पोर्टल खोल दिया है। हेली टिकट की बुकिंग के लिए भी यात्रा पंजीकरण होना अनिवार्य है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण व आईआरसीटीसी ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार केदारनाथ हेली सेवा का संचालन पवन हंस, हिमालयन हेली, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, थंबी एविएशन, केस्ट्रल एविएशन, एयरो एयरक्राफ्ट के माध्यम से किया जाएगा। हेली कंपनियों के साथ हुए तीन साल के अनुबंध के अनुसार इस बार किराये में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
चार धाम यात्रा इस बार 30 अप्रैल से शुरू हो रही है। गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट 30 अप्रैल को खुल रहे हैं। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ व 4 मई को बद्रीनाथ के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ की यात्रा सबसे मुश्किल और पैदल की जाती है। ऐसे में यात्रियो को हेली सर्विस की सुविधा रहती है। जिसके लिए बहुत मारामारी देखने को मिलती है। ऐसे में साइबर अपराधी भी एक्टिव हो जाते हैं। जिनसे निपटने के लिए पुलिस भी अलर्ट हो गई है।
फर्जीवाड़े रोकने के लिए साइबर थाने में चार लोगों की टीम गठित कर दी गई है। टीम का पर्यवेक्षण सीओ साइबर अंकुश मिश्रा करेंगे। बता दें कि साइबर ठग केदारनाथ हेली सेवा बुक करने के नाम पर लोगों से फर्जी टिकट देकर लाखों रूपए ठग लेते है। सरकार ने आईआरसीटीसी को टिकट बुकिंग का काम सौंपा था। ऐसे में केवल इसी वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in से टिकट बुक किए जाएंगे।
प्रति यात्री आने-जाने का किराया
- गुप्तकाशी से केदारनाथ -8532 रुपये
- फाटा से केदारनाथ-6062 रुपये
- सिरसी से केदारनाथ-6060
सिर्फ इस वेबसाइट पर जाकर टिकट बुक करें-
www.heliyatra.irctc.co.in












Click it and Unblock the Notifications