NEW YEAR 2025: न्यू ईयर के जश्न शुरू होने से पहले सीएम धामी ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग,जानिए क्या दिए निर्देश
NEW YEAR 2025: नए साल के जश्न का काउंटडाउन शुरू होते ही पर्यटकों का उत्तराखंड पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच शासन से लेकर प्रशासन तक अपनी अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। पर्यटकों की संख्या की भीड़ को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है।
पुलिस की और से पहले ही ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। इस बीच सीएम धामी ने भी इसको लेकर हाईलेवल मीटिंग की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि नव वर्ष के आगमन पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाय।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए वर्ष के दौरान ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उचित यातायात प्रबंधन किया जाए । पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। रात्रि में सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख रास्तों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न घटे।
मुख्यमंत्री ने शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधों के तहत घटनाओं पर निगरानी रखने के लिए तकनीकी उपायों का अधिकतम इस्तेमाल किया जाए।
बता दें कि राज्य सरकार ने थर्टी फस्ट को देखते हुए सभी होटल, ढ़ाबों और रेस्टारेंट को 24x7 खुला रखने की परमिशन दे दी है। ऐसे में अब पुलिस सतर्क है और ट्रैफिक डायवर्ट प्लान जारी कर पर्यटकों को इसे फॉलो करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस बीच पुलिस महकमे की हाईलेवल मीटिंग भी हुई है।
जिसमें इन बिंदुओं पर विचार विमर्श के अलावा गाइडलाइन भी जारी किए गए हैं। नववर्ष-2025 के अवसर पर प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन उत्तराखण्ड द्वारा आईजी गढ़वाल व डीआईजी कुमाऊँ रेंज सहित समस्त जनपद प्रभारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications