Nainital में नाबालिग के साथ हुई घटना पर CM धामी ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग, सख्त कार्रवाई को लेकर दिए ये निर्देश
Nainital news: नैनीताल में नाबालिग के साथ हुई घटना के बाद से बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोपी को सख्त सजा दिलाने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर लोग फिर से सड़कों पर उतर गए हैं। इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में एक हाईलेवल मीटिंग बुलाई।
मीटिंग में सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि राज्य में कानून व्यवस्था का उल्लंघऩ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। नैनीताल में नाबालिक पीड़िता के साथ हुई घटना पर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये।

उन्होंने जिला प्रशासन नैनीताल को निर्देश दिये कि पीड़िता की देखभाल एवं उनके परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारियां देने और अफ़वाह फैलाने वालों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि और राज्य की अस्मिता के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी व्यक्ति या संगठन देवभूमि की एकता को तोड़ने का दुस्साहस करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से पूरी सतर्कता बरती जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
किरायेदारों के सत्यापन, रेहड़ी-पटरी, वालों, अवैध तरीके से भूमि पर कब्जा करने वालों और जिन लोगों के अवैध तरीके से प्रमाण पत्र बने हैं, उन पर की गई कार्रवाई की समस्त रिपोर्ट जिलाधिकारियों को तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं।
नैनीताल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना के तीसरे दिन भी जमकर हंगामा हुआ। मामला अलग- अलग समुदाय के बीच का होने के कारण बवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 65 वर्षीय उस्मान नाम के बुजुर्ग पर एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद से नैनीताल में लोग सड़कों पर उतर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications