उत्तरकाशी के पत्रकार की मौत का रहस्य! राहुल गांधी ने भी उठाया मुद्दा, विशेष टीम करेगी जांच, पुलिस ने क्या कहा
Uttarkashi journalist rajiv death उत्तरकाशी के पत्रकार राजीव की मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। परिजनों ने मौत की सीबीआई जांच की मांग की है। पुलिस मुख्यालय ने जांच के लिए डीएसपी उत्तरकाशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है। टीम अब इस मामले में मिले सभी साक्ष्यों का दोबारा अवलोकन कर जांच करेगी।
सीसीटीवी कैमरे, लोगों के बयान, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। उत्तरकाशी पुलिस की अब तक की जांच में किसी तरह की संदिग्ध मौत की बात सामने नहीं आई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजीव की मौत की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

बता दें कि 19 सितंबर को पत्रकार राजीव उत्तरकाशी में लापता हुए थे। अगले दिन पुलिस को गंगोरी के पास से एक कार बरामद हुई, जिसमें पत्रकार रात में कहीं गए थे। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच की निगरानी एसपी उत्तरकाशी करेंगी
इस बीच 28 सितंबर को पत्रकार का शव बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया। डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि अब तक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उनकी जांच के लिए डीएसपी उत्तरकाशी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है। जांच की निगरानी एसपी उत्तरकाशी करेंगी।
रात साढ़े 11 बजे तक के सीसीटीवी फुटेज मिले
उत्तरकाशी की एसपी सरिता डोभाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई तो अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज को चैक किया गया। इस दौरान राजीव प्रताप 18 सितम्बर 2025 को समय 11.20 बजे रात्रि में बस अड्डा उत्तरकाशी व समय करीब 11:39 बजे गंगोरी पुल क्रॉस करते दिखायी दिये। उत्तरकाशी बाजार मे लगे CCTV को चैक किया गया, राजीव प्रताप 18.09.25 को समय 10.24 बजे रात्रि बस स्टेशन उत्तरकाशी, होटल चौहान मे अपने दोस्त के साथ जाते दिखायी दे रहे हैं, जिसके बाद उत्तरकाशी से अपने दोस्त की गाड़ी लेकर जाते दिख रहे हैं, समय 11.22 बजे उजेली की तरफ अकेले ही ड्राइव करते दिखाई दे रहे है। समय 11.39 बजे कार गंगोरी पुल क्रॉस कर रही है, गंगोरी से आगे लगे पेट्रोल पम्प के कैमरे देखने पर कार मनेरी की तरफ जाते नही दिखायी दी।
कार को परिजनों की मौजूदगी में चैक किया
19.09.2025 को एक कार गंगोरी के निकट स्यूणा गांव के पास भागीरथी नदी में दुर्घटनाग्रस्त स्थिति में पायी गयी। वाहन गंगोरी व गरमपानी के बीच गंगोत्री हाईवे से करीब 50-55 मीटर नीचे भागीरथी नदी गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। उक्त स्थान पर कोई क्रैश बैरियर/ पैराफिट नहीं बने हुये हैं। दुर्घटना स्थल के पास से पहाडी पर वाहन स्वामी का बैग व गाडी के टूटे शीशे भी मिले हैं। वाहन नदी मे बहकर दुर्घटनाग्रस्त स्थल से करीब 300 मी0 आगे मिला है। पुलिस व SDRF की टीम द्वारा वाहन को चैक किया गया तो वाहन मे कोई भी व्यक्ति नहीं था, यह वही वाहन था, जिसको राजीव चला रहे थे। कार को परिजनों की मौजूदगी में चैक किया तो गुमशुदा की एक चप्पल कार में मिली। कार मे चाबी लगी हुयी थी, जो ऑन कंडीशन मे थी।
डेड बॉडी पर मारपीट सम्बन्धी कोई निशान नहीं
28 Sep 2025 को उत्तरकाशी, जोशियाडा बैराज में पुलिस SDRF, NDRF व अन्य रेस्क्यू टीम को एक शव मिला, जिसको राजीव के परिजनों को दिखाया गया तो परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त गुमशुदा राजीव प्रताप के रुप में की गयी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे डॉक्टर द्वारा बताया गया कि राजीव उक्त की डेड बॉडी पर मारपीट सम्बन्धी कोई निशान नहीं पाये गये, उसके शरीर के चेस्ट/एब्डोमिनल हिस्से मे कुछ आन्तरिक चोटे हैं, जो दुर्घटना के समय आना सम्भव है। जिससे मृत्यु होना सम्भव बताया गया है।
राहुल गांधी ने मौत की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की
पत्रकार की मौत पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजीव की मौत की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। राहुल ने एक्स पर लिखा कि युवा पत्रकार राजीव का लापता होना और बाद में उनकी मृत्यु न केवल दुखद है, बल्कि भयावह है। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में ईमानदार पत्रकारिता भय और सुरक्षा के साये में जी रही। उन्होंने कहा कि राजीव से जुड़ी पूरी घटना ऐसी ही एक साजिश की और इशारा करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications