मोदी सरकार के 11 साल पर क्या होगा खास, BJP अध्यक्ष भट्ट ने बताया, कांग्रेस के लंगड़े घोड़े को लेकर भी कसा तंज
modi sarkar ke 11 saal: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में लंगड़े घोड़ों की तलाश पर तंज किया कि वहां अधिकांश लंगड़े घोड़े होने के चलते ही कांग्रेस की दुर्दशा हुई है, जो दौड़ने वाले थे वे सब भाजपा में आ गए और दो चार शेष बचे भी शीघ्र आ जाएंगे।
महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 सफल वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की तरफ से बधाई दी। साथ ही कहा कि यूं तो प्रत्येक वर्ष अपने कामकाज और उपलब्धियों का रिपोर्ट रखने की नई परम्परा पर मोदी अमल करते आ रहे हैं। लेकिन 11 वर्षों के विशेष अवसर पर राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत होगी।

राज्य में कल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्रकार वार्ता के साथ हो जाएगी। 11,12 को जिला केंद्रों पर पत्रकार वार्ता श्रृंखला के बाद जनसभाओं, प्रदर्शनी, प्रबुद्ध सम्मेलन, विभिन्न प्रतियोगिताओं आदि विभिन्न कार्यक्रमों से पार्टी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाएगी।
पंचायत चुनावों को लेकर भट्ट ने स्पष्ट किया कि सरकार की तरह पार्टी संगठन भी पूर्णतया तैयार है। अब तक की जानकारी के अनुसार परिस्थितियां अनुकूल होने पर जुलाई माह में चुनाव हो सकते हैं। जिसके लिए पार्टी ने अपनी रणनीति और चुनावी टीमें तैयार कर ली है।
जैसे ही तिथियों की घोषणा होगी, टीम के नामों की घोषणा हो जाएगी और पार्टी पर्यवेक्षकों को क्षेत्रों में भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा, पार्टी जिला पंचायत सदस्यों पर समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव में उतारती है, लेकिन इस मर्तबा पार्टी का लक्ष्य है सभी प्रधान और बीडीसी सदस्य पद पर कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा जाए। उन्होंने दावा किया कि संगठन की तैयारी और सरकार की उपलब्धियां बताती हैं, सभी जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अधिकांश क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष सीटों कमल खिलेगा।
कांग्रेस में लंगड़े घोड़े की चर्चा से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कटाक्ष किया कि वहां सभी घोड़ों के लंगड़े होने से ही कांग्रेस की दुर्दशा हुई है। जो घोड़े राजनीति में दौड़ने वाले थे वे भाजपा में आ गए और जो दो चार शेष होंगे वे भी 2027 तक पार्टी में आ जायेंगे। लिहाजा कांग्रेस नेता बेकार में आपसी सिरफुटव्वल न करे क्योंकि अगले विधानसभा चुनावों में भाजपा का प्रचंड बहुमत से जीतना तय है।
कांग्रेस के बेटी बचाओ अभियान के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा, हमारी सरकार में सभी अपराध विशेषकर महिला अपराध में लिप्त मामलों में कठोर कार्यवाही की जाती है। कांग्रेसी सरकारों की तरह हम अपना या पराया, छोटा या बड़ा मानकर किसी को भी बचाने का काम नहीं करते हैं, सभी पर निष्पक्ष और अविलंब कार्रवाई की जाती है।
झूठे आरोप लगाने वाली कांग्रेस का दौर भी जनता ने देखा है, जब मंत्री, मुख्यमंत्री, कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि पर गंभीर महिला अपराधों के मामले सामने आए लेकिन सरकार द्वारा दबा दिए गए या ठीक पैरवी नहीं की गई। हमारी सरकारों ने महिला हितों और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए, उसपर राजनीति नहीं की जैसा कांग्रेस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications