रुड़की में जहरीली शराब पीने से 12 की मौत, 13 कर्मचारी सस्पेंड
रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में ज़हरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र का है। मारे गए लोग बालूपुर, बिंदु गांव और मलभपुर सर्वो के हैं। यह हादसा बल्लूपुर गांव में हुआ है। वहीं घटना के बाद एसएसपी, डीएम मौके पर पहुंचे। इसमें आधा दर्जन से ज़्यादा लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

13 कर्मचारी निलंबित
वहीं शासन ने इस मामले में लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए 13 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। अपर आबकारी आयुक्त अर्चना गहरबार ने दो एक्साइज़ इंस्पेक्टर समेत 13 के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि लगभग 12 लोगों की मौत के मामले में प्रथम दृष्टया क्षेत्र-2 रुड़की और जनपदीय प्रवर्तन हरिद्वार में तैनात आबकारी निरीक्षकों और अधीनस्थ स्टाफ़ की लापरवाही नज़र आ रही है।
उत्तर प्रदेश में 10 की मौत
यूपी के कुशीनगर में भी जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, अधिकारी 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर रहे हैं। वहीं, करीब आधा दर्जन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख और अस्पतालों में इलाज करवा रह लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications