Mahashivratri: इस मंदिर में हुआ था शिव पार्वती का विवाह, विष्णु ने भाई और ब्रह्रमा ने निभाई पुरोहित की भूमिका
पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव का विवाह उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में त्रियुगीनारायण मंदिर में हुआ। यह पवित्र मंदिर भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी को समर्पित है।

महाशिवरात्रि हिंदू मान्यताओं के अनुसार शिव पार्वती विवाह के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव का विवाह उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में त्रियुगीनारायण मंदिर में हुआ। यह पवित्र मंदिर भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी को समर्पित है। मान्यता है कि यहां जलने वाली अग्नि की ज्योति, जो त्रेतायुग से अब तक निरंतर जल रही है। इस हवन कुंड की अग्नि को साक्षी मान कर भगवान शिव ने माता पार्वती से विवाह किया था। अब ये मंदिर वेडिंग डेस्टिनेशन के रुप में प्रसिद्ध होता जा रहा है। मंदिर में कई जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधते हैं।

गुप्त काशी में माता पार्वती के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा था
हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार पार्वती ने कठिन ध्यान और साधना से भगवान शिव का वरण किया था। जिस स्थान पर मां पार्वती ने शिव जी को पाने के लिए कठोर साधना की, उस स्थान को गौरी कुंड कहते हैं। जो श्रद्धालु त्रियुगीनारायण जाते हैं, वे गौरीकुंड के दर्शन भी जरूर करते हैं। बताते हैं कि भगवान शिव ने गुप्त काशी में माता पार्वती के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा था। भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी के इस मंदिर को पार्वती के विवाह स्थल के रूप में जाना जाता है। भगवान विष्णु ने पार्वती के भाई की भूमिका निभाई थी। जबकि ब्रह्माजी पुरोहित बने थे।

हवन कुंड, अग्नि के चारों ओर फेरे लिए थे
त्रिजुगीनारायण मंदिर त्रेतायुगीन है। मंदिर में एक हवन कुंड हैं जहां सदैव अग्नि प्रज्ज्वलित रहती है। ऐसी मान्यता है कि यह अग्नि उसी विवाह समारोह की है और इसी अग्नि के चारों ओर माता पार्वती और भगवान शिव ने फेरे लिए थे। तब से ही यह निरंतर प्रज्ज्वलित है। तीन युगों से इस अग्नि का अस्तित्व है, यही कारण है कि मंदिर त्रियुगीनारायण कहलाता है। गांव में मंदिर के आसपास तीन कुंड हैं, रुद्र कुंड, विष्णु कुंड और ब्रह्म कुंड। ऐसा कहा जाता है कि ब्रह्म कुंड में ही स्नान करके ब्रह्मा जी ने माता पार्वती और भगवान शिव का विवाह सम्पन्न कराया था।

मंदिर की स्थापना आदि शंकराचार्य ने की थी
विष्णु कुंड में स्नान करने के बाद भगवान विष्णु ने माता पार्वती के भाई के नाते सभी परंपराओं का निर्वहन किया था और रुद्र कुंड में स्नान करके भगवान शिव विवाह में शामिल हुए। मंदिर में ही एक स्तम्भ भी है। इसके बारे में कहा जाता है कि भगवान शिव को उपहार स्वरूप जो गाय मिली थी उसे इसी स्तम्भ में बांधा गया था। मंदिर की स्थापना आदि शंकराचार्य ने की थी। मंदिर में चांदी की एक दो फुट की भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित है। यह मंदिर रुद्रप्रयाग से 159 किमी और ऋषिकेश से लगभग 152 किमी की दूरी पर है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications