Inder Kaur: पहले कार मिली, फिर लाश! पंजाबी सिंगर इंदर कौर का नहर में मिला शव, किसने किया अपहरण?
पंजाब के लुधियाना से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पिछले 6 दिनों से लापता पंजाबी सिंगर इंदर कौर (Punjabi Singer Inder Kaur) का शव समराला के पास नीलों नहर (Neelon Canal) से बरामद कर लिया गया है। सिंगर के परिवार ने आरोप लगाया था कि इंदर कौर का गनपॉइंट (बंदूक की नोक) पर अपहरण किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले में लुधियाना पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं और अब तक दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आइए जानतें हैं पुलिस की जांच में क्या-क्या बड़े मोड़ आए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना के एसीपी (ACP) इंदरजीत सिंह बोपाराय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि, 'इंदर कौर के लापता होने के बाद उनके परिवार ने अपहरण का शक जताया था। परिवार ने सुखविंदर सिंह और उसके साथियों पर इस वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया था।
पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की और इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह के पिता और एक अन्य आरोपी करमजीत सिंह शामिल हैं।'

ACP बोपाराय ने आगे बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने वह कार (फोर्ड फिगो) भी बरामद कर ली है जिससे इंदर कौर ने यात्रा की थी। यह कार नहर के पास से मिली थी, जिसके बाद आज नहर से उनका शव भी बरामद हो गया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सिंगर इंदर कौर और मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
कनाडा से आया था सिरफिरा आशिक,
सिंगर इंदर कौर के भाई जोतिंदर सिंह द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर अपनी कार से घरेलू सामान लेने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार का आरोप है कि मोगा का रहने वाला सुखविंदर सिंह, जो कि एक NRI है, इंदर पर शादी का दबाव बना रहा था।
इंदर द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद वह रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि वह विशेष रूप से इंदर को निशाना बनाने के लिए कनाडा से पंजाब आया था और अपने साथियों के साथ मिलकर गनपॉइंट पर उसका अपहरण किया, हत्या की और शव को नहर में फेंक कर वापस कनाडा फरार हो गया।
मुख्य आरोपी अभी भी फरार, पुलिस टीमों का एक्शन जारी
जमालपुर थाना के एसएचओ (SHO) बलबीर सिंह ने पुष्टि की है कि मामले में हत्या और अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।
कौन थीं पंजाबी सिंगर इंदर कौर?
इंदर कौर पंजाब म्यूजिक इंडस्ट्री का एक उभरता हुआ चेहरा थीं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी और वह अपने लाइव शोज और गानों के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने 'सोने दी चिड़ी', 'जीजा', 'सोहणा लगदा' और 'देसी सिरे दा' जैसे कई लोकप्रिय रीजनल गानों में अपनी आवाज दी थी। उनकी मौत की खबर से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।















Click it and Unblock the Notifications