Lok sabha election 2024: पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के सक्रिय होने के सियासी मायने, जानिए कहां से है दावा
Lok sabha election 2024 पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत लोकसभा चुनाव से पहले लगातार क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। माना जा रहा है कि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत अब लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। त्रिवेंद्र रावत हरिद्वार या गढ़वाल सीट पर दावेदारी कर सकते हैं।

पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। त्रिवेंद्र सिंह रावत को 2017 में उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया। लेकिन मार्च 2021 में उन्हें सीएम की कुर्सी से अचानक हटना पड़ा तो वे कुछ समय के लिए सक्रिय राजनीति से दूर हो गए।
त्रिवेंद्र रावत को सीएम से अचानक हटाने की वजह सामने न आने से भी वे काफी नाराज दिखे। इस बीच 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया और डोईवाला से त्रिवेंद्र के करीबी बृजभूषण गैरोला को टिकट मिला और वे चुनाव जीत गए। इस बीच त्रिवेंद्र रावत केंद्रीय नेताओं के संपर्क में आते रहे और वे एक बार फिर लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय हो गए।
अब त्रिवेंद्र रावत हरिद्वार और गढ़वाल दोनों सीट पर सक्रिय हो गए हैं। त्रिवेंद्र के समर्थक हरिद्वार सीट को ज्यादा उपयुक्त मानकर चल रहे हैं। त्रिवेंद्र डोईवाला सीट से विधायक रह चुके हैं। साथ ही उनका आवास भी हरिद्वार सीट पर है। हालांकि त्रिवेंद्र का मूल गांव पौड़ी गढ़वाल सीट पर आता है। ऐसे में त्रिवेंद्र के लिए गढ़वाल सीट भी सेफ सीट मानी जा रही है।
हरिद्वार सीट पर पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक सांसद हैं। जबकि पौड़ी गढ़वाल से पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत सांसद हैं। ऐसे में दोनों के सामने दावेदारी त्रिवेंद्र के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर सकती है। साथ ही हरिद्वार सीट पर पहले से कई और पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और विधायकों की नजर बनी हुई है। ऐसे में त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी 2024 में चुनाव लड़ाती है और हां तो कहां से चुनाव लड़ाती है। ये देखना दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications