Lok sabha Election 2024: उत्तराखंड की हरिद्वार व नैनीताल सीट पर कांग्रेस ने चौंकाया, इनके टिकट फाइनल
आखिरकार लंबे जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की चौथी लिस्ट में उत्तराखंड की दो सीटें हरिद्वार व नैनीताल पर प्रत्याशियों पर मुहर लग गई है। उत्तराखंड की हॉट सीट हरिद्वार से कांग्रेस ने पूर्व सीएम हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत को प्रत्याशी बनाया है। जबकि नैनीताल से प्रकाश जोशी पर दांव खेला है।

उत्तराखंड की पांचों सीटें टिहरी, गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल व हरिद्वार में कांग्रेस के प्रत्याशियों के नाम सामने आ चुके हैं। टिहरी से जोत सिंह गुनसोला, गढ़वाल से गणेश गोदियाल, अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा, नैनीताल से प्रकाश जोशी व हरिद्वार से वीरेंद्र रावत प्रत्याशी बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा हरिद्वार सीट को लेकर हो रही थी, जिस पर अब तस्वीर साफ हो गई है।
हरिद्वार से पूर्व सीएम हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत को हाईकमान ने प्रत्याशी बनाया है। इस तरह हरीश रावत ने खुद के बजाय बेटे को चुनाव लड़ाने के लिए जिस तरह हाईकमान को मनाया। उससे साफ है कि ये चुनाव अब हरीश रावत की भी प्रतिष्ठा का सवाल हो गया है।
बता दें कि वीरेंद्र रावत का टिकट फाइनल होने से पहले ही पूर्व सीएम हरीश रावत ने आज हरिद्वार लोकसभा सीट पर प्रचार शुरू कर दिया था। आज हरीश रावत ने हरिद्वार में रोड शो किया जिसमें उनके बेटे वीरेंद्र रावत भी शामिल रहे। जिससे हरीश रावत पहले ही संकेत दे चुके थे कि उनके बेटे को ही हरिद्वार से लड़ाया जा रहा है।
वीरेंद्र रावत प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जो कि 2022 के विधानसभा चुनाव में खानपुर सीट से दावेदारी कर चुके हैं। लेकिन तब हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत को हरिद्वार ग्रामीण से विधानसभा चुनाव लड़ाया गया और वे विधायक चुनकर आईं। इस तरह इस बार लोकसभा के लिए वीरेंद्र रावत का रास्ता साफ हुआ है।
हरिद्वार में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के आगे वीरेंद्र रावत चुनाव मैदान में होंगे। वहीं नैनीताल सीट पर भाजपा के अजय भट्ट के सामने कांग्रेस के प्रकाश जोशी मुकाबला करेंगे। प्रकाश जोशी एआईसीसी के पूर्व सचिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications