कुंवर प्रणव चैंपियन और MLA उमेश कुमार फायरिंग विवाद, महापंचायत स्थगित होने के बाद लंढौरा रंगमहल के बाहर हंगामा
Kunwar Pranav Champion MLA Umesh Kumar firing: हरिद्वार में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और विधायक उमेश कुमार की फायरिंग विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुर्जर समाज की और से बुलाई गई महापंचायत स्थगित होने के बाद भी बवाल हो गया। कुंवर प्रणव चैंपियन जेल में बंद हैं। बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग चैंपियन के महल के बाहर इकट्ठा हो गए हैं।
जिन्होंने जमकर हंगामा काटा। लोग चैंपियन को जेल से रिहा करने और विधायक उमेश कुमार पर धाराएं बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हजारों की भीड़ लंढौरा पहुंची है। बताया जा रहा है कि भीड़ ने जमकर हंगामा किया है। इस बीच पुलिस से नोकझोंक की खबर भी है।

सैकड़ों लोगों की भीड़ बैरिकेडिंग तोड़कर महल के बाहर पहुंचे। कई लोग महल की छत पर भी चढ़ गए। गुर्जर समाज के लोगों ने महल का गेट खुलवाने की मांग की। पूरे जिले से पुलिस बल लंढौरा बुलाया गया। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को जेल भेजे जाने के विरोध में आक्रोशित हजारों की भीड़ ने बुधवार को लंढौरा पहुंचकर रंगमहल पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, जिस पर भीड़ और पुलिस के बीच नोकझोंक होने की खबर है।
कुंवर प्रणव चैंपियन के जेल जाने के बाद गुर्जर समाज ने आज यानी बुधवार को महापंचायत का ऐलान किया था। लेकिन मंगलवार को चैंपियन ने जेल से चिट्ठी लिखकर गुर्जर समाज से महापंचायत रद्द करने का निवेदन किया था। चैंपियन का पत्र उनकी पत्नी कुंवरानी देवयानी ने पढ़कर सुनाया था।
खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। 25 जनवरी की रात विधायक उमेश कुमार ने लंढौरा स्थित चैंपियन के महल पहुंचकर चैंपियन को ललकारा। इसके बाद 26 जनवरी की सुबह कुंवर प्रणव चैंपियन ने खानपुर विधायक के ऑफिस जाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
जब चैंपियन और उनके समर्थक वहां से चले गए, तो उसके बाद वहां पहुंचे विधायक उमेश कुमार को पिस्टल लहराकर चैंपियन को फिर से ललकारते हुए वीडियो वायरल हो गया। बाद में हरिद्वार पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने चैंपियन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा। विधायक उमेश कुमार को कोर्ट से जमानत मिल गई। जिसके बाद जमकर बवाल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications