Kedarnath Temple में इंटरव्यू को लेकर विवाद, फोटो या वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के बावजूद शूटिंग पर उठे सवाल
Kedarnath Temple केदारनाथ मंदिर को लेकर एक ओर विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया में कुछ तस्वीरें वायरल हो रही है, जिसमें प्रसिद्ध कथावक्ता मोरारी बापू और एक वरिष्ठ पत्रकार मंदिर परिसर में शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।
Kedarnath Temple केदारनाथ मंदिर को लेकर एक ओर विवाद सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। सोशल मीडिया में कुछ तस्वीरें वायरल हो रही है, जिसमें प्रसिद्ध कथावक्ता मोरारी बापू और एक वरिष्ठ पत्रकार मंदिर परिसर में शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। इस फोटो के वायरल होने के बाद मंदिर समिति पर एक बार फिर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। आरोप लगा है कि एक तरफ मंदिर समिति ने मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगाया है, दूसरी तरफ शूटिंग मंदिर के प्रवेश द्वार के ठीक सामने की जा रही है। इन फोटो के सोशल मीडिया में वायरल होने से नया विवाद खड़ा हो गया है। जिस पर लोग अपने अपने तरीके से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

बीते दिनों बद्री केदार मंदिर समिति की ओर से एक पत्र जारी हुआ और मंदिर परिसर में भी बोर्ड लगाकर ये जानकारी दी गई कि केदारनाथ धाम में मोबाइल से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिंबध लगा दिया गया है। साइन बोर्ड के जरिए ये भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई केदारनाथ में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हैं तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केदारनाथ धाम में बीते लंबे समय से यूट्यूबर, ब्लॉगर या दूसरे कई लोगों द्वारा रील बनाकर वायरल करने के मामले सामने आ चुके हैं। जिसको लेकर लोगों ने कई तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। लेकिन इस आदेश के बाद अब कुछ फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही हैं। जिसमें प्रसिद्ध कथा वक्ता मोरारी बापू जी और एक चैनल के वरिष्ठ पत्रकार मंदिर के सामने शूटिंग कर रहे हैं। तस्वीरों में कैमरे भी साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य तस्वीर में मोरारी बापू गर्भगृह में पूजा पाठ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
केदारनाथ मंदिर में इस सीजन में अब तक तीन ऐसे प्रकरण आए जिसमें सोशल मीडिया में मंदिर में रील बनाकर वायरल करने पर बवाल हो चुका है। सबसे पहले मंदिर के गर्भगृह में एक युवती का पैसे उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद एक यूट्यूबर का अपने प्रेमी को प्रपोज करने और अंगूठी पहनाने का वीडियो जमकर वायरल हुआ। इसके बाद तीसरे वीडियो में एक महिला को एक व्यक्ति द्वारा मांग में सिंदूर भरने का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल किया गया। इन तीनों वीडियो को धार्मिक आस्था के विपरीत बताया गया। जिस पर जमकर बवाल भी हुआ।












Click it and Unblock the Notifications