केदारनाथ में जलाभिषेक पूजन के साथ कांग्रेस की केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा का समापन,जानिए क्या रखी मांगे
कांग्रेस की केदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा के दूसरे चरण का आज समापन हो गया। केदारनाथ धाम में जलाभिषेक पूजन के साथ ही यात्रा का समापन हुआ। कांग्रेस ने केदारनाथ में सोने की चोरी, दिल्ली में शिला ले जाने और केदारनाथ के नाम पर क्यू आर कोड से पैसे जमा करने का आरोप लगाते हुए इस पर कार्रवाई की मांग की है।
यात्रा पूरा होने के बाद कांग्रेसियों ने ध्वजारोहण एवं तीर्थ पुरोहितों के साथ बैठक भी की। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केदारनाथ धाम की प्रतिष्ठा की लड़ाई आगे भी ज़ोरशोर के साथ लड़ने का प्रण लिया।

इस दौरान धाम के तीर्थ पुरोहितों ने धाम की प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस एवं यात्रीगणों को आशीर्वाद दिया।। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि मौजूदा सरकार केदारनाथ धाम की मर्यादाओं को तार-तार कर रही है।
निर्माण के नाम पर पहाड़ों को खोद कर शांत बाबा को अशांत करने की कोशिश की जा रही है, मंदिर की परंपरा और मर्यादा को स्वयं प्रधानमंत्री तोड़ रहे हैं, कृष्णा माई गुफा का नाम बदल दिया गया, मंदिर से 230 किलो सोना गायब कर दिया गया और पवित्र मंदिर की शिला को दिल्ली ले जाया गया।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बाबा केदारनाथ के चरणों में पापियों को दंडित करने की अर्जी लगाई।कांग्रेस ने दिल्ली में बन रहे केदारनाथ मंदिर को लेकर यात्रा शुरू की थी। जो कि 31 जुलाई को केदारनाथ यात्रा मार्ग में आई आपदा की वजह से स्थगित की गई थी।
इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा चरण सीतापुर से शुरू हुआ जो कि रात में केदारनाथ धाम में विश्राम के बाद आज सुबह शुक्रवार को जलाभिषेक के साथ समापन हुआ। इस दौरान भारी बारिश में ही कांग्रेसी यात्रा में शामिल हुए। कांग्रेसियों ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।












Click it and Unblock the Notifications