Kedarnath dham: 11वें ज्योतिर्लिंग बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि का ऐलान,जानिए कब शुरू होगी चार धाम यात्रा
Kedarnath dham yatra: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 11वें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि का ऐलान हो गया। बाबा केदार के कपाट 2 मई की प्रातः 7 बजे वृष लग्न में खुलेंगे। बाबा के शीतकालीन गद्दीस्थल ओम्कारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में तिथि घोषित की गई। जिसकी विधिवत घोषणा केदारनाथ रावल भीमशंकर लिंग ने की।
उत्तराखंड के चारों धामों के कपाट खुलने की तिथि तय हो गई है। इस बार चार धाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। आज आज महाशिवरात्रि पर बाबा केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विधि विधान के साथ कपाट खोलने का दिन, समय और लग्न घोषित किया गया।

केदारनाथ धाम के रावल पंडित भीमशंकर लिंग ने गणना करके घोषणा की कि चारधाम यात्रा 2025 के लिए केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई की प्रातः 7 बजे वृष लग्न में खुलेंगे। 27 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ की पूजा होगी। बाबा केदार की पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम प्रस्थान करेगी।
पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से प्रस्थान कर रात्रि प्रवास हेतु प्रथम पड़ाव श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। 29 अप्रैल को श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से रात्रि प्रवास हेतु द्वितीय पड़ाव फाटा को प्रस्थान करेगी। 30 अप्रैल को फाटा से रात्रि प्रवास हेतु तृतीय पड़ाव गौरादेवी मंदिर गौरीकुंड पहुंचेगी।
1 मई शाम को भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जायेगी। 2 मई शुक्रवार को प्रात: 7 बजे वृष लग्न में श्री केदारनाथ धाम के कपाट तीर्थयात्रियों के दर्शनार्थ खुलेंगे। बता दें कि इससे पहले बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित हो चुकी है। बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई के ब्रह्ममुहूर्त में सुबर 6 बजे खुलने हैं। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। जिसके मुहुर्त की घोषणा होना बाकि है।












Click it and Unblock the Notifications