Kedarnath By-election: भाजपा और कांग्रेस का केदारघाटी पर फोकस,सीएम धामी ने विधानसभा क्षेत्र को दी ये सौगातें
Kedarnath By-election केदारनाथ में उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने पूरी तरह से केदारघाटी पर फोकस कर दिया है। कांग्रेस ने चुनाव को देखते हुए पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। साथ ही केदारनाथ में उपचुनाव को देखते हुए प्लानिंग तेज कर दी है।
उधर भाजपा पहले से ही केदारघाटी में डेरा डालने के साथ ही लगातार सौगात देकर माहौल को अपने पक्ष में कराने में जुटी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारघाटी की जनता को दो और बड़ी सौगात दी है।

इससे पहले सीएम धामी ने केदारनाथ विधानसभा के लिए दो दर्जन से अधिक घोषणाएं कर चुके हैं। आज केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड ऊखीमठ में गुप्तकाशी-जाखधार-त्यूडी मोटर मार्ग से देवर मोटरमार्ग के 8.5 किमी सुधरीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए 4 करोड़ 71 लाख की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त विकासखंड अगस्त्यमुनि के अंदर गढ़ी से धर्तोलिया मोटरमार्ग के 4.5 किमी सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए 3 करोड़ 68 लाख की स्वीकृति दी है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तल्ला नागपुर घाटी के लिए भी बड़ी सौगात देते हुए कांडई जगतोली मोटर मार्ग के मिसिंग लिंक को जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। जिसका आज कार्य शुरू हो गया है।
केदारनाथ की विधायक शैलारानी रावत के निधन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की जनता से वादा करते हुए कहा कि जब तक आपका विधायक नहीं बनता तब तक मैं ख़ुद वहाँ का विधायक बनकर काम करूँगा। मुख्यमंत्री ने अपने वादे के अनुरूप केदारघाटी समेत, तल्ला नागपुर, कालीमठ घाटी, मध्यमहेश्वर घाटी के लिए भी विभिन्न विकास योजनाओं की ना सिर्फ घोषणा की है बल्कि उनपर कार्य भी शुरू कर दिया है।
केदारघाटी में 31 जुलाई को हुई अतिवृष्टि के चलते श्री केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग, सड़क मार्ग एवं अन्य स्थानों पर हुई क्षति को दुरुस्त करने एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 4836.63 लाख रुपए की धनराशि जारी हो गई है। लोक निर्माण विभाग की 29 एवं सिंचाई विभाग की 12 कार्ययोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications