उत्तराखंड में बीजेपी सरकार पर हरीश रावत का कड़ा प्रहार, राज्यपाल के इस्तीफे के पीछे बताई बड़ी वजह
हरीश रावत ने उत्तराखंड में राज्यपाल के इस्तीफे के पीछे की वजह बताया घोटाला
देहरादून, 11 सितंबर। उत्तराखंड में चुनावी साल में भ्रष्ट्राचार को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने सामने है। लेकिन इस बार मामला राजभवन तक पहुंच गया है। बेबी रानी मौर्य के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने पूरे प्रकरण को मुक्त विश्वविद्यालय में भर्तियों में घोटाले से जोड़ दिया है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने इस पूरे प्रकरण की जांच करने की मांग की है। हरीश रावत ने आरोप लगाया कि मुक्त विश्वविद्यालय में भर्तियों में घोटाला हुआ है। इतना ही नहीं हरीश रावत का कहना है कि इस प्रकरण के कारण गर्वनर की बलि ली गई है।

बीजेपी के दावे पर हरदा का जवाब
उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के चुनावी साल में अचानक इस्तीफा देने के पीछे उनका सक्रिय राजनीति में लौटने का दावा किया जा रहा है। बीजेपी के सूत्र दावा कर रहे हैं कि बेबी रानी मौर्य को यूपी चुनाव में अहम जिम्मेदारी देकर पार्टी उनको चुनाव में इस्तेमाल करने जा रही है। लेकिन अचानक इस्तीफे को लेकर विपक्ष को राज्य सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। कांग्रेस की और से पूर्व सीएम हरीश रावत ने बीजेपी पर जमकर प्रहार किया है। हरीश रावत ने बीजेपी पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व गवर्नर बेबी रानी मौर्य के अचानक इस्तीफे के बाद मुक्त विश्वविद्यालय में की भर्तियों में हुआ घोटाला बहुत चर्चा में आ गया है। उन्होंने मांग की कि शासन में कौन सा जिम्मेदार व्यक्ति है, जिसने यह घोटाला करवाया है, और जिसके लिए गवर्नर की बलि ली गई है, बड़े खोज का विषय है। हरीश रावत के बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाने के बाद चुनावी साल में राजनैतिक माहौल गर्मा गया है।
आप ने उच्च शिक्षा मंत्री पर लगाया है गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत के मुक्त विश्वविद्यालय में भर्तियों में घोटाले का प्रकरण एक बार फिर से सामने आ गया है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में हुई अवैध नियुक्तियों के मामले पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए थे। आप का आरोप है कि राज्य की बीजेपी सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। आप का दावा है कि उच्च शिक्षा मंत्री ने साल 2017 और 2019 के बीच सभी नियम कानूनों के खिलाफ जाकर अपने और बीजेपी के चहेतों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में नियुक्ति दिलाई है। आप ने धन सिंह रावत पर उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में तब्दील करने का गंभीर आरोप लगाया है। आप का आरोप है कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में सहायक क्षेत्रीय निदेशक के आठ पदों पर नियुक्ति में बड़ा घोटाला हुआ है. इन सभी 8 पदों पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, कुलपति के रिश्तेदारों और बीजेपी नेताओं के करीबी हैं।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है-
फर्जीवाड़ा, भाजपा की नियति बन गई है। आदरणीया पूर्व गवर्नर श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी के अचानक इस्तीफे के बाद मुक्त विश्वविद्यालय में की भर्तियों में हुआ घोटाला, बहुत चर्चा में आ गया है। शासन में कौन सा जिम्मेदार व्यक्ति है, जिसने यह घोटाला करवाया है ! और जिसके लिए गवर्नर की बलि ली गई है, बड़े खोज का विषय है।












Click it and Unblock the Notifications