Haridwar news: हर की पैड़ी से हुए मासूम के अपहरण का खुलासा,यूपी से बरामद हुई बच्ची,वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र से तीन साल की मासूम बच्ची के अपहरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शामली के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भीख मंगवाने के लिए बच्ची का अपहरण किया था। इस अपहरण के वीडियो भी वायरल हुए थे। जिसमें आरोपी बच्ची को कंधे पर बैठाकर ले जाता दिखा था।बच्ची परिजनों के सुपुर्द कर दी गई है। मासूम को सकुशल पाकर माता-पिता के आंसू छलक गए। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र निवासी थाना देहात जिला संभल यूपी 30 मार्च को परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। नाईसोता घाट के पास से उनकी तीन वर्षीय पुत्री ज्योति गायब हो गई। जब मासूम के बारे में कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने हर की पैड़ी और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें एक संदिग्ध मासूम को कंधे पर बैठाकर ले जाते हुए दिखा था। जिसके बाद सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर शामली की बस में आरोपी सवार होता दिखा। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए बच्ची को ढूंढकर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की गई। एक टीम मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व एक रुड़की की तरफ तलाश में जुटी थीं।
खोजबीन करते हुए शुक्रवार की रात रुड़की तहसील गेट के पास से आरोपी सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम हाथी करौंदा थाना बावरी जिला शामली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से मासूम को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी पूछताछ में कबूला है कि उसने बच्ची का अपहरण उससे भीख मंगवाने के लिए किया था। क्योंकि बच्चों को देखकर लोग आसानी से भीख दे देते है। मुकदमे में धारा 363 एक की बढ़ोतरी कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications