हल्द्वानी बनभूलपुरा हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक व पत्नी समेत 06 के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानिए अपडेट
हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा के उपद्रवियों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच नैनीताल पुलिस ने 4 अन्य उपद्रवी को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद अब तक 78 उपद्रवी सलाखों के पीछे पहुंचाए जा चुके हैं। पुलिस की ओर से फरार मास्टर माइंड अब्दुल मलिक व पत्नी समेत कुल 06 के विरूद्व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।

नगर निगम की ओर से आज हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक उसकी पत्नी समेत 6 के विरूद्व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने आज कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी, जिसमें कहा गया कि कम्पनी बाग की भूमि पर आरोपी अब्दुल मलिक और उसकी पत्नी साफिया मलिक, अख्तरी बेगम, गौस रजा खां, अब्दुल लतीफ निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश द्वारा षडयंत्र और कूटरचना की गई।
आरोप लगाया कि करते मृत व्यक्ति के नाम का उपयोग कर भूमि पर अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण, अवैध हस्तान्तरण करने का कार्य किया गया और आपराधिक षडयंत्र रचकर राजकीय विभागों और झूठे शपथ पत्रों के आधार पर कोर्ट को गुमराह करने का कार्य किया गया। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बीते 8 फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व मीडिया कर्मियों पर पथराव, आगजनी व गोलीबारी की हिंसक घटना के सम्बन्ध में थाना-बनभूलपुरा में 03 मुकदमें दर्ज किये गये हैं। हिंसक घटना में संलिप्त उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिये एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा की ओर से विभिन्न टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी के अवलोकन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनास्थलों के आसपास स्थित घरों में दबिश दी गयी और संबंधित मुकदमों में पूर्व में 74 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किये गये। इसी क्रम में पुलिस द्वारा बनभूलपुरा में घटित हिंसक घटना में संलिप्त अन्य चार उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। अभी तक पुलिस कार्यवाही में कुल 78 उपद्रवियों की गिरफ्तारी की गयी है।












Click it and Unblock the Notifications