40 वर्षों तक कांग्रेस में रहे किशोर उपाध्याय ने ज्वॉइन की भाजपा, उत्तराखंड में इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
देहरादून। तकरीबन 40 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे किशोर उपाध्याय अब भाजपाई हो गए हैं। आज उन्होंने उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होने के बाद किशोर उपाध्याय देहरादून में कहा, "मैं उत्तराखंड को आगे ले जाने की भावना के साथ भाजपा में शामिल हुआ हूं।"

किशोर उपाध्याय ने कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर कहा कि, यह तो आपको कांग्रेसियों से ही पूछना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों पनपी। बता दें कि, किशोर उपाध्याय कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। हाल ही उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। इस बारे में बताते हुए कांग्रेस पार्टी की आलकमान ने कहा कि, किशोर "पार्टी विरोधी गतिविधियों" में लिप्त थे। इसलिए उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई के तहत उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया।

आज किशोर उपाध्याय ने भाजपा की सदस्यता ली तो उनके साथ कई समर्थक भी मौजूद थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि, मैं पार्टी के बताए निर्देश पर आगे बढ़ूंगा।' माना जा रहा है कि, भाजपा नेतृत्व उन्हें टिहरी से उत्तराखंड विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा सकता है।

प्रह्लाद जोशी बोले- मोदी जी से प्रभावित हुए
किशोर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि, वे (किशोर उपाध्याय) प्रधानमंत्री मोदी जी और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के नेतृत्व, कार्यशैली एवं विचारधारा पर विश्वास करके भाजपा में आए हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications