Trivendra Singh Rawat गढ़वाल सीट पर पूर्व सीएम की बढ़ी सक्रियता, जानिए इसके सियासी मायने
Trivendra Singh Rawat उत्तराखंड में मिशन लोकसभा 2024 को लेकर भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। इसके लिए सरकार से लेकर संगठन स्तर तक भाजपा लगातार रणनीति तैयार करने में जुटी है। संगठन के साथ ही दावेदार भी अभी से सक्रियता बढ़ाने लगे हैं। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीटें हैं। चुनाव में किसको टिकट मिलता है, इसके लिए अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन दावेदार अभी से क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने लगे हैं।

इस बीच पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भी गढ़वाल सीट पर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत का गांव पौड़ी गढ़वाल सीट में आता है। ऐसे में उनकी सक्रियता को लोकसभा चुनाव से जोड़ा जा रहा है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भारत के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की पुण्य स्मृति पर परिवार के साथ कण्वनगरी कोटद्वार में सिद्धबली बाबा के दर्शन, पूजा अर्चना एवं आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर पुण्य स्मृति में उनके गृह जनपद में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कोटद्वार में आयोजित रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और गोष्ठी कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण समेत कई लोगों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।
इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। इस पूरे कार्यक्रम को त्रिवेंद्र सिंह रावत की गढ़वाल सीट पर सक्रियता से भी जोड़ा जा रहा है। जिसे त्रिवेंद्र के समर्थको ने जोर शोर से उत्साहित होकर आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
बता दें कि सीएम पद से हटने के बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे। इस बीच अचानक त्रिवेंद्र हरिद्वार और गढ़वाल सीट पर सक्रिय नजर आए। त्रिवेंद्र डोईवाला सीट से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में उनके हरिद्वार से भी चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाशी जानी लगी। लेकिन बीते कुछ समय से त्रिवेंद्र सिंह रावत गढ़वाल सीट पर सक्रिय है। माना जा रहा है कि त्रिवेंद्र के लिए गढ़वाल सीट पहली च्वाइस है। जिसके लिए उनके समर्थक पूरा जोर लगा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications