कांग्रेस के स्टार प्रचारक उतरेंगे मैदान में, रामनगर और रुड़की में कल प्रियंका गांधी की जनसभाएं
उत्तराखंड के चुनावी माहौल में अब स्टार प्रचारकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी कल रामनगर और रूडकी में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। रामनगर गढ़वाल लोकसभा सीट और रूड़की हरिद्वार सीट पर आता है। गढ़वाल से कांंग्रेस के प्रत्याशी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, हरिद्वार से पूर्व सीएम हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत प्रत्याशी हैं।

कांग्रेस के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी कल 13 अप्रैल को पीरूमदारा रामनगर एवं डीएवी कॉलेज रूड़की में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी।
प्रियंका गांधी की जनसभाओं में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय, पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष, अनुषांगिक संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व पदाधिकारी गणों सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व आम जनता प्रतिभाग करेगी।
मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रियंका गांधी नई दिल्ली से चलकर प्रातः 11ः50 बजे पीरूमदारा रामनगर (नैनीताल) पहुंचेंगी जहां पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद दिन में तीन बजे डीएवी ग्राउंड रुड़की (हरिद्वार) में कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। बाद में नई दिल्ली को प्रस्थान करेंगी।
मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभा की तैयारी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार तैयारियां शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा एवं कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने आज रुड़की पहुंचकर जनसभा स्थल का दौरा कर जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभाओं में प्रदेशभर के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभाओं में भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है, ताकि कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी के पांच न्याय पच्चीस गारंटियों का संदेश घर-घर पहुंच सकें।












Click it and Unblock the Notifications