शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने टॉपर प्रियांशी को हिमाचल से किया फोन, 500 में से 500 आने पर जानिए क्या कहा
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया है। बोर्ड की परीक्षा में टॉपर रहे छात्रों से शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने फोन पर बधाई दी।
शिक्षा मंत्री इन दिनों हिमाचल प्रदेश में चुनावी दौरे पर हैं। ऐसे में मंत्री ने वहीं से फोन कर टॉपर को बधाई दी।हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार में जुटे प्रदेश के शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड विद्यायली शिक्षा परिषद द्वारा बोर्ड परीक्षा-2024 के परीक्षाफल जारी करने पर खुशी जताई।

उन्होंने 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को भी बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने हाईस्कूल में 500 में से 500 नंबर लाने वाली पिथौरागढ़ की छात्रा प्रियांशी को फोन कर बधाई दी। उन्होंने प्रियांशी की माता जी से भी बात की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जल्द ही सभी टॉपर को देहरादून बुलाकर सम्मानित कराया जाएगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री के साथ अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा भी थे, उन्होंने भी प्रियांशी को बधाई दी।
विभागीय मंत्री ने तय समय पर बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी करने पर शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि विभाग ने निर्धारित समय पर रिजल्ट जारी कर इतिहास रचा है। डा. रावत ने कहा कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट विगत वर्ष की तुलना में शानदार रहा है।
हाईस्कूल में जहां कुल परीक्षा परिणाम 89.14 फीसदी रहा वहीं इंटरमीडिएट में 82.63 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.59 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.54 रहा। इसी तरह इंटरमीडिएट में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.97 फीसदी जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.96 रहा है।
डा. रावत ने बोर्ड परीक्षाओं में बालिकाओं शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी बालिकाओं ने बोर्ड परीक्षा में बाजी मारी है जो प्रदेश में बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन के प्रति राज्य की दृढ इच्छाशक्ति को भी प्रदर्शित करती है।












Click it and Unblock the Notifications