उत्तराखंड में सियासी पिच पर हाथ आजमा रहे धामी और हरदा, किसके हाथ होगी जीत की ट्रॉफी, जानिए क्या है मामला
सीएम पुष्कर सिंह धामी और पूर्व सीएम हरीश रावत नजर आए क्रिकेट के मैदान में
देहरादून, 22 दिसंबरा उत्तराखंड में 2022 के दंगल के लिए भाजपा और कांग्रेस में जंग छिड़ी हुई है। भाजपा सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतर चुकी है। जबकि कांग्रेस में बिना ऐलान के पूर्व सीएम हरीश रावत कैप्टन की तरह सियासी पारी खेलने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में 2022 के सियासी पिच पर कौन सिक्सर मारेगी और किसकी टीम जीतेगी इसके लिए अभी मार्च तक का इंतजार करना पड़ सकता है।

भाजपा, कांग्रेस जुटी सियासी पिच
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दल मैदान में अपनी-अपनी टीम के साथ उतर चुके हैं। हालांकि सूबे की सियासत पर कब्जा पाने के लिए फाइनल मैच भाजपा और कांग्रेस के बीच ही नजर आ रही है। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस अपनी-अपनी टीम को खिताब पर कब्जा करने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। सबसे पहले बात सत्ताधारी भाजपा की। भाजपा की और से पुष्कर सिंह धामी बतौर सीएम करीब 6 माह के समय में ही सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने के लिए ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे हैं। हालांकि केन्द्रीय नेतृत्व को धामी और युवा सरकार पर पूरा भरोसा है, ऐसे में वे धामी को धाकड़ बल्लेबाज, बेहतर गेंदबाज और आल राउंडर मान रहे हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम में धामी की धमक को लेकर सबको इंतजार रहेगा। कि क्या धामी इतिहास रचकर दोबारा सत्ता पाते हैं। या फिर क्लीन बोल्ड हो जाते हैं। धामी सियासी पिच के साथ ही खेल के मैदान में भी अपना खेल दिखाने में जुटे हैं।

सीएम उतरे मैदान में, जीते मैच
मंगलवार को देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी देहरादून में मुख्यमंत्री- XI एवं भाजयुमो - XI के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। मुख्यमंत्री XI ने यह मैच 04 रन से जीता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कप्तानी में मुख्यमंत्री XI की टीम ने 7 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 02 विकेट खोकर 49 रन बनाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नाबाद 14 रन बनाए। लक्ष्य का पीछे करते हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व के भाजयुमो - XI निर्धारित 7 ओवर में 01 विकेट खोकर 45 रन बना पायी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस तरह खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है, उसी तरह सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में भाईचारे को बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य होता है। दोनों टीमों के बीच क्रिकेट का मैत्री मैच खेला गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड का सतत विकास करना एवं अंतिम पंक्ति तक के लोगों तक पहुंचना है। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के नई खेल नीति लाई गई है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया गया है। युवाओं को आगे लाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस मैच के जरिए धामी ने अपने खेल और युवा दोनों को साधने की कोशिश की है।

हरदा ने गांव में मारी बांउड्री
युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सियासी पिच पर बैटिंग करें और कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत चुप बैठते। हरीश रावत ने गांव की पिच पर बच्चों के साथ बैटिंग के जरिए हाथ आजमाया। इस दौरान हरीश रावत ने खेल और खिलाड़ियों को हो रही परेशानियां को जिक्र किया। साफ है गांव की टूटी फूटी सियासी पिच और बिना संसाधन के चौके मारते हुए भी हरदा ने ये दिखा दिया कि वे आने वाले चुनावों में भाजपा को हर मौके पर शिकस्त देने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने गांव में स्कूली बच्चों के साथ बैट बॉल खेलने का वीडियो पोस्ट कर लिखा कि
बचपन में मैं अपने गांव के खेतों में ऐसे ही टूटी हुई तख्तों से बैट-बॉल खेलता था। मैं थोड़ा शर्मिंदा भी महसूस कर रहा हूंँ, दूर गांव के खिलाड़ियों तक बल्ला नहीं पहुंचा पाया, मगर मैं मुख्यमंत्री तक हो गया।












Click it and Unblock the Notifications