उत्तराखंड में AAP का बड़ा ऐलान, केजरीवाल ने कहा- सरकार बनने पर देंगे 300 यूनिट बिजली फ्री
देहरादून, जुलाई 11: दिल्ली में अपनी सत्ता जमाने के बाद एक बार फिर आम आदमी पार्टी और राज्यों का रुख कर रही हैं। इसी के तहत आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सियासी जमीन मजबूत करने के लिए पंजाब, गुजरात के बाद अब आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड का दौरा किया। देहरादून में मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
Recommended Video

देहरादून में मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भगवान ने उत्तराखंड को सब कुछ दिया, लेकिन उत्तराखंड के नेताओं और पार्टियों ने इसे बर्बाद करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उत्तराखंड में 2 पार्टियां हैं जैसे चक्की के 2 पाटों के बीच दाने पिसते हैं ऐसे ही 2 पार्टियों के बीच उत्तराखंड की जनता 20 साल से पिस रही है। साथ ही कहा कि दोनों पार्टियों ने साल 2000 से एक के बाद एक करके राज्य को लूटने का इंतजाम किया है। सत्ताधारी दल के पास सीएम नहीं है। 70 साल में पहली बार किसी पार्टी ने कहा कि उसका सीएम बेकार है।
विपक्ष के पास नेता नहीं: केजरीवाल
इसके साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधाते हुए कहा कि विपक्ष के पास नेता नहीं है। वे नेता चुनने के लिए पिछले एक महीने से दिल्ली आ रहे हैं। उत्तराखंडवासियों के विकास के बारे में कौन सोचेगा? क्या इन पार्टियों को उत्तराखंड की जनता की चिंता है? वह परवाह नहीं करते। वे केवल सत्ता के लिए लड़ रहे हैं।
हर परिवार को मुफ्त बिजली का ऐलान
वहीं अरविंद केजरीवाल ने ऐलान करते हुए कहा कि अगर दिल्ली की तरह उत्तराखंड में हमारी सरकार बनेगी तो बिजली के मामले में मैं चार चीजों की गारंटी देता हूं। 300 यूनिट तक बिजली हर परिवार को मुफ्त दी जाएगी, पुराने बिल माफ किए जाएंगे, कोई पावर कट नहीं लगेगा, उत्तराखंड के किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। साथ ही कहा कि 24 घंटे बिजली देने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन हम करेंगे।
6 राज्यों में चुनाव लड़ेंगी आप
बता दें कि आने वाले समय में यूपी सहित 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है। आम आदमी पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले ही यह ऐलान कर दिया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसी के तहत केजरीवाल आगामी चुनावों के मद्देनजर राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले पंजाब में भी आप आदमी पार्टी बिजली को लेकर बड़ा ऐलान कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications