प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की शुरूआत, जानिए कहां और कैसे करें आवेदन, क्या हैं पात्रता
dehradun news शहर में सपनों का घर तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। देहरादून नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आवास निर्माण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 2.75 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इसमें किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन ने दलाली से बचने की अपील की है। आवासविहीन शहरी आबादी के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण योजना चलाई जा रही है। जिसके लिए नगर निगम ने आवेदन आमंत्रित किए हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की शुरुआत सितंबर 2024 में की गई थी और यह अगले पांच वर्षों के लिए यह योजना प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को आवास निर्माण या खरीद में केंद्रीय सहायता प्रदान करना है।
योजना के तहत 2.25 लाख की सहायता केंद्र सरकार और 50 हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से लाभार्थियों को दी जाती है। इस योजना के अंतर्गत खाली भूखंड पर मकान बनाने वाले या कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को प्राथमिकता दी जाती है। इस योजना के अंतर्गत विधवा, एकल महिला, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति/जनजाति, अल्पसंख्यक और सफाई कर्मियों जैसे वंचित वर्गों को प्राथमिकता दी जाती है।
- आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है योजना पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित है।
- योजना में वही परिवार पात्र होंगे जिनमें पति-पत्नी और अविवाहित बेटे-बेटियां शामिल हैं और जिनके पास किसी भी राज्य या शहर में पक्का आवास नहीं है।
- जिन्होंने पिछले 20 वर्षों में किसी अन्य आवासीय योजना का लाभ नहीं लिया हो, इसके अलावा, लाभार्थी को 01 सितंबर 2024 से पहले नगर निगम क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है।
- महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए योजना के तहत बने मकान महिला मुखिया के नाम या पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर होंगे।
आवश्यक दस्तावेज
- आवेदक और परिवार के सभी सदस्यों का आधार विवरण
- आवेदक का बैंक खाता विवरण (जो आधार से जुड़ा हो)
- तीन लाख रुपये से कम आय का प्रमाण पत्र या स्व-घोषणा
- भूमि संबंधी दस्तावेज (लाभार्थी आधारित निर्माण घटक के अंतर्गत)
- स्व-घोषित शपथ पत्र












Click it and Unblock the Notifications