Dehradun news: पलटन बाजार में महिला सुरक्षा को लेकर SSP ने संभाला मोर्चा,सत्यापन अभियान के साथ ही उठाए ये कदम
देहरादून के पलटन बाजार में दुकान में काम करने वाले युवक के युवती से छेड़छाड़ मामले के विवाद के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। मंगलवार को एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और बाजार का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस द्वारा पलटन बाजार में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा घंटा घर से पलटन बाजार, तहसील चौक, धामावाला बाजार, गांधी रोड, मोती बाजार आदि क्षेत्रों में बाहरी राज्यो से आकर फड़, ठेली, दुकानों के बाहर रिंग व दुकानों में काम करने वाले बिना सत्यापन कराये लोगो के सत्यापन किए।

बिना सत्यापन के दुकानों में काम करने वाले, फड़, ठेली व दुकानों के बाहर रिंग लगाने वाले 134 संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस लाईन लाकर सत्यापन कराया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए बाज़ारो में सादे वस्त्रों में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी। दुकानदारों को भी चेतावनी जारी कर बिना सत्यापन के बाहरी राज्यों के व्यक्तियों को काम पर रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाजार में सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाये जाने पर भी सहमति बनी। पलटन बाजार के भ्रमण के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा बाजार में महिलाओं व युवतियों से बातचीत कर उनसे महिला सुरक्षा से संबंधित पहलुओं पर बातचीत की गई। एसएसपी और दून पुलिस की इस पहल पर दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने आभार जताया साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर कदम उठाने की बात का स्वागत किया।
बता दें कि सोमवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर घटना का विरोध किया था, साथ ही दूसरे पक्ष ने भी दुकानों की चाबी डीएम को सौंपने की बात कहकर विरोध जताया। जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति हो गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को सुरक्षा को लेकर विश्वास दिलाया और कड़ी कार्रवाई करने की बात की। जिसके क्रम में आज कप्तान ने बाजार में हालात का जायजा लिया और सत्यापन अभियान चलाया।












Click it and Unblock the Notifications