Dehradun News देर रात घंटाघर क्षेत्र स्थित अवैध मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, ध्वस्त कर दिया ये संदेश
Dehradun News उत्तराखंड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ धामी सरकार का एक्शन जारी है। देहरादून में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया है। प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रशासन का बुलडोजर चल गया।
गुरुवार देर रात घंटाघर क्षेत्र स्थित एक अवैध मजार को प्रशासन व एमडीडीए ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।प्रशासन व प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, चाहे वे किसी भी स्वरूप में हों, अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अवैध अतिक्रमण पर जिला प्रशासन का एक्शन जारी है। इसी क्रम में घंटाघर के निकट एचएनबी कॉम्प्लेक्स, एमडीए क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है।प्रशासन ने बताया कि सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त किए जाने के लिए दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में जिला प्रशासन की टीम ने देहरादून शहर के घंटाघर क्षेत्र स्थित एचएनबी कॉम्प्लेक्स, एमडीए एरिया में सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को ध्वस्त किया। प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय में अतिक्रमण न हटाए जाने पर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया है।
कार्रवाई शासन के स्पष्ट निर्देशों और पूर्व में जारी नोटिस के बाद की गई। एमडीडीए द्वारा पूर्व में जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि घंटाघर के पास स्थित डिस्पेंसरी रोड़ एचएनबी कांप्लेक्स परिसर में बनी मजार सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित है।
मजार के निर्माण से न केवल सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा उत्पन्न हो रही थी, बल्कि यह क्षेत्र यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से भी संवेदनशील माना जा रहा था। प्राधिकरण ने मजार प्रबंधन को सात दिन का समय देते हुए स्वामित्व व निर्माण से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन तय अवधि में कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसके बाद कार्रवाई की गई है।












Click it and Unblock the Notifications