टिहरी झील में क्रूज बोट, पहाड़ी शैली में तैयार बोट में है खास सुविधाएं, रात में भी ले सकेंगे प्रकृति का आनंद
tehri jheel cruise boat: साहसिक खेलों और रोमांच के शौकीनों के लिए टिहरी झील में क्रूज बोट का संचालन शुरू हो गया है। क्रूज में पर्यटकों के ठहरने के लिए 12 कमरे, रेस्टोरेंट, शौचालय सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह क्रूज बोट कोटी काॅलोनी से डोबरा-चांठी पुल तक संचालित हो रहा है।
जिसमें प्रकृति की सुंदरता के साथ ही रोमांच का सफर भी लिया जा सकेगा। टिहरी झील में इससे पहले पर्यटकों के लिए फ्लोटिंग हट्स चलाए जा रहे हैं। अब झील में क्रूज बोट भी उपलब्ध हैं। इसमें पर्यटकों को पूरी रात बिताने की भी सुविधा है।

क्रूज बोट का संचालन पीपीपी मोड पर शुरू किया गया है और इसमें 12 कमरे, रेस्टोरेंट, शौचालय सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें छत पर्वतीय क्षेत्र के घरों पठाल की तरह डिजाइन की गई है। क्रूज बोट का निर्माण तीन साल से चल रहा था और अब इसे पर्यटन विभाग के सहयोग से एक निजी कंपनी द्वारा लगभग आठ करोड़ की लागत से तैयार किया गया है।
क्रूज का संचालन कोटीकॉलोनी से डोबरा-चांठी तक ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है। अगले कुछ दिनों में कंपनी बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर देगी। इसके अलावा टिहरी झील में विभिन्न साहसिक गतिविधियां जैसे पैरासेलिंग, स्पीड बोट, जेट स्की और अन्य वाटर स्पोर्ट्स के साथ 100 से अधिक बोट संचालित हैं। जिससे पर्यटकों को और भी रोमांचक अनुभव मिल रहा है। इसके अलावा डोबरा-चांठी और पीपलडाली में एक-एक नई बोट प्वाइंट जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
टिहरी झील 1,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एक कृत्रिम बांध जलाशय है। जो टिहरी बांध के निर्माण के दौरान अस्तित्व में आया जब भागीरथी नदी के पानी को बांध जलाशय को भरने के लिए मोड़ दिया गया था। अपनी स्थापना के बाद से ही, टिहरी झील उन पर्यटकों और यात्रियों के बीच एक लोकप्रिय नौका विहार स्थल बन गई है जो प्रकृति के बीच शांति और एकांत की तलाश में हैं।
यहां स्पोर्ट्स एक्टिविटीज के लिए दिल्ली एनसीआर समेत पूरे देश से लोग पहुंचते हैं। जो कि देहरादून से करीब 3 घंटे का रास्ता है। झील में स्पोर्ट्स एक्टिविटीज के लिए मौके पर ही रसीद कटवाई जाती है।












Click it and Unblock the Notifications