भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी बेदाग,बसपा और निर्दलीयों पर लगे हैं दाग,जानिए किसकी छवि साफ कौन है दागदार
उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों पर 55 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें से 6 प्रत्याशियों का आपराधिक इतिहास है। जिसमें सबसे ज्यादा बसपा और निर्दलीय उम्मीदवार हैं। पांचों लोकसभा सीटों में अल्मोड़ा एक मात्र ऐसी सीट हैं, जहां सारे प्रत्याशी बेदाग हैं।

टिहरी लोकसभा से निर्दलीय बॉबी पंवार पर दो जिलों में कुल आठ मुकदमे हैं। गढ़वाल सीट पर उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी आशुतोष सिंह पर सात मुकदमें हैं। आशुतोष सिंह पत्रकार हैं और अंकिता हत्याकांड से चर्चा में आए। पिछले दिनों उन्हें एससीएसटी एक्ट के मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। आशुतोष सिंह के खिलाफ कोतवाली पौड़ी में दो, कर्णप्रयाग, कोटद्वार, लैंसडौन आदि थानों में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। उन पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना आदि आरोप हैं।
इसके अलावा हरिद्वार से प्रत्याशी और खानपुर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ दो राज्यों और सीबीआई दिल्ली में भी मुकदमा दर्ज है। उमेश कुमार न्यायालय की अवमानना में दोष सिद्ध भी हो चुके हैं। उमेश के खिलाफ देहरादून के राजपुर में डरा धमकाकर आतंकित करने के आरोप में 2018 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा रांची में राजद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ।
राजपुर के मुकदमे में चार्जशीट पर संज्ञान आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट पेटिशन विचाराधीन है, जबकि रांची का मुकदमा विचाराधीन है। इसके साथ ही उनके खिलाफ सीबीआई में भी एक मुकदमा आपराधिक षड्यंत्र और सरकारी अधिकारी को रिश्वत का लालच देकर काम कराने के आरोप में दर्ज है। उमेश कुमार 2013 में न्यायालय की अवमानना के दोषी भी पाए गए थे। उन्हें रजिस्ट्रार कार्यालय में एक घंटे तक कुर्सी पर बैठने की सजा मिली थी।
बसपा के पांचों लोकसभा सीटों में उतरे प्रत्याशियों में से गढ़वाल और हरिद्वार के प्रत्याशी का आपराधिक इतिहास है। हरिद्वार से बसपा के जमील अहमद के खिलाफ मुजफ्फरनगर के ककरौली और शहर कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमा धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में हैं, गढवाल से बसपा के उम्मीदवार धीर सिंह के खिलाफ सहारनपुर जिले में जालसाजी और धोखाधड़ी के पांच मुकदमे दर्ज हैं।
भाजपा ने टिहरी से माला राज्य लक्ष्मी शाह, हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी से अनिल बलूनी, नैनीताल से अजय भट्ट और अजय टम्टा को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने हरिद्वार से वीरेंद्र सिंह रावत, टिहरी से जोत सिंह गुनसोला, पौड़ी से गणेश गोदियाल, नैनीताल से प्रकाश जोशी और अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से किसी भी प्रत्याशी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications